फिल्म सेंसर बोर्ड को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, जानिए पूरा मामला

लखनऊ: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने फिल्‍म सेंसर बोर्ड को नोटिस जारी किया है। एक जनहित याचिका में तेलुगु फिल्म ‘ताकतवर पुलिसवाला’ में बिहारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। तेलुगु फिल्म ‘धी आंते धी’ के हिन्दी रूपांतरण वाली ‘ताकतवर पुलिसवाला’ के खिलाफ जनहित याचिका पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।

जस्टिस राजन राय व जस्टिस ओम प्रकाश शुक्ला की खंडपीठ ने यह आदेश दीपांकर कुमार की याचिका पर दिया है। याची का कहना है कि साल 2015 में बनी मूलत: तेलगू भाषा की इस फिल्म में बिहारियों को गंदगी फैलाने वाला बताया गया है। याचिका में फिल्म का सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग की गई है। मामले की अगली सुनवाई अगस्त महीने में होगी।