अमेठी: प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा- भाजपा धन-बल से लड़ती है, हम जनता के बल पर लड़ेंगे

अमेठी: अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्‍मीदवार घोषित होने के बाद पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार (3 मई) को अमेठी के कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के बारे में कहा कि किशोरी लाल जी अमेठी के गांव-गांव को जानते हैं। सभी को पहचानते हैं और लंबे समय से यहां का कामकाज देख रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी उन्हें जीत दिलाएंगे। हम अमेठी में सच्चाई की राजनीति के लिए आए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओ का हालचाल पूछा और उनसे जीत के लिए काम करने की अपील भी की। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि भाजपा के लोग धनबल से चुनाव लड़ते हैं हम जनता के बल पर लड़कर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ये आपका चुनाव है आप लड़ेंगे, आप जिताएंगे।

बता दें कि लंबे इंतजार के बाद नामांकन के अंतिम दिन तय हुआ कि किशोरी लाल शर्मा अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे।