बिजली नहीं आने से नाराज किसानों ने जेई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पुलिस ने दर्ज किया केस

मुरादाबाद: जिले में नगर पंचायत महमूदपुर माफी में मंगलवार (18 जून) को भीषण गर्मी में कम बिजली मिलने से नाराज किसानों ने अवर अभियंता जयवीर सिंह पर लाठियों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के समय जेई महमूदपुर माफी में चेकिंग कर रहे थे। इस बीच किसान अपनी बिजली की समस्या लेकर पहुंचे थे।

किसानों का कहना था कि बिजली नहीं मिलने से खेतों में फसलों की सिंचाई नहीं हो रही है। फसल सूखने के कगार पर आ गई है। जेई ने किसानों से कहा कि फाल्ट की वजह से बिजली नहीं आ रही है यह सुनते ही किसान भड़क उठे। इसके बाद कुछ लोगों ने जेई से लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर से भी हमला किया गया। इससे जेई का सिर फट गया और खून बहने लगा। हंगामे के दौरान बमुश्किल बीच-बचाव हो सका। मारपीट में दो किसानों के भी चोटें आई हैं।

हमलावरों की जा रही पहचान: पुलिस

मैनाठेर पुलिस ने घायल जेई को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। जेई के साथ मारपीट की जानकारी पर संभल डिवीजन के अधिशासी अभियंता और एसडीओ ने जेई से बात की। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वहीं, मैनाठेर कोतवाल का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। हमलावरों की पहचान की जा रही है।