अरविंद केजरीवाल की आज कोर्ट में पेशी, विरोध प्रदर्शन के कारण आतिशी-सौरभ पुलिस की हिरासत में

नई दिल्‍ली: दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को दो घंटे की पूछताछ के बाद मुख्‍यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। आज उनकी गिरफ्तारी के बाद खिलाफ देशभर में आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन कर रही है। थोड़ी देर में ईडी केजरीवाल को PMLA कोर्ट में पेश करेगी। आप की लीगल टीम से सदस्य और बिजवासन से विधायक बीएस जून अरविंद केजरीवाल के समर्थन में कोर्ट में पेश होंगे।

दिल्ली में आईटीओ पर पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आप की दिल्ली मंत्री आतिशी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली मंत्री सौरभ भारद्वाज को भी हिरासत में ले लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के सामने कहेंगे कि अरविंद केजरीवाल को अपने वकील और परिवार से मिलने की अनुमति दी जानी चाहिए और उन्हें अपना आधिकारिक काम करने की भी अनुमति दी जानी चाहिए। केजरीवाल के परिवार को घर में नजरबंद कर दिया गया है।

अन्‍ना हजारे ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कही ये बात

अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कहा कि मुझे बहुत दु:ख हुआ। वो मेरे साथ काम करता था। शराब के बारे में हम आवाज उठाते थे। वो शराब नीति बना रहा है। इसका दु:ख हुआ। सत्ता के सामने कुछ नहीं है। कानून के तौर पर जो होगा, वो होगा, सरकार देखेगी। अरविंद केजरीवाल ने मेरी बात नहीं मानी और मैं अब उन्हें कोई सलाह नहीं दूंगा।

भाजपा नेत्री बांसुरी स्‍वराज का बयान 

ईडी द्वारा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भाजपा नेत्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि ईडी अरविंद केजरीवाल को आने और जांच में सहयोग करने के लिए कह रही थी। लेकिन वह बहाने बनाते रहे और 10 दिवसीय विपश्यना कार्यशाला में चले गए। अरविंद केजरीवाल केजरीवाल ने खुद यह स्थिति पैदा की है और इन सबका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।