अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमला करने के मुख्य आरोपी अनीस को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है। इसके अलावा उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ और अयोध्या पुलिस की ज्वाइंट ऑपरेशन में एनकाउंटर को अंजाम दिया गया है। इस मुठभेड़ में एसओ पुराकलंदर रतन शर्मा व दो अन्य सिपाही भी घायल हो गए हैं। यह मुठभेड़ थाना पुराकलंदर के छतरिवा पारा कैल मार्ग पर हुई। ज्ञात हो कि अयोध्या में सावन मेले के दौरान सरयू एक्सप्रेस में महिला मुख्य आरक्षी पर जानलेवा हमला हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस एनकाउंटर में मारे गए बदमाश अनीश के दो अन्य साथियों आजाद और विशंभर दयाल उर्फ लल्लू घायल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों को अयोध्या के इनायतनगर से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक घटना के दिन अनीस ने महिला कांस्टेबल से छेड़खानी की कोशिश की थी। जब कांस्टेबल ने इसका विरोध करते हुए उसे पटक दिया तो अनीस और उसके साथियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। बदमाशों ने ट्रेन की खिड़की से सिर लड़ाकर महिला सिपाही को घायल कर दिया था। और अयोध्या से पहले जब ट्रेन धीमी हुई तो तीनों आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
इस मामले पर जानकारी देते हुए स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को थाना पूरा कलंदर पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। इसके अलावा उसके दो साथियों को इनायत नगर से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।