अयोध्या: रामलला का दर्शन कर भावुक हुए विधायक, कहा- इतिहास में याद रखे जाएंगे मोदी-योगी

अयोध्या: रामनगरी में श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर में रविवार (11 फरवरी) को योगी सरकार ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। मंत्रियों और विधायकों ने सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ रामलला के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की। इस दौरान सभी बेहद उत्साहित दिखे और भक्ति भाव में डूबे नजर आए। मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के साथ करीब दो घंटे तक राम मंदिर में रहे।

इस दौरान एनडीए के अलावा बसपा, रालोद और कांग्रेस विधायक भी शामिल रहे। कई मंत्रियों और विधायकों के परिवार वाले भी साथ रहे। इस मौके पर जगह-जगह पर फूल बरसाकर मंत्री-विधायकों का स्वागत किया गया। राम जन्मभूमि के गेट नंबर-11 से 10 बसों में आए विधायकों और मंत्रियों को एंट्री दी गई।

हनुमानगढ़ी के दर्शन का कार्यक्रम किया गया स्‍थगित

इससे पहले सुबह 10 बसों से विधायक और मंत्री अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी रविवार सुबह पुणे में थे। वहां से वह सीधे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे। वहीं, रविवार होने के चलते अयोध्या में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ है। इस वजह से विधायकों का हनुमानगढ़ी में दर्शन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।

अयोध्या: रामलला का दर्शन कर भावुक हुए विधायक, कहा- इतिहास में याद रखे जाएंगे मोदी-योगी

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सपा विधायक अयोध्या जाना चाहते थे, लेकिन उनकी पार्टी की गाइडलाइन के चलते नहीं जा पा रहे हैं। रामलला के दर्शन करने के बाद विधायकों ने भावुक होकर कहा- इतिहास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ याद रखे जाएंगे। दोपहर करीब ढाई बजे सभी सीएम योगी आदित्यनाथ कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के साथ राम जन्मभूमि से रवाना हो गए।