लखनऊ: रामनगरी अयोध्या में आयोजित कार्यक्रमों को देखते हुए आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगन्तुकों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए योगी सरकार की ओर से प्रबंध किए जा रहे हैं। इस संबंध में आयुर्वेद निदेशालय द्वारा अयोध्या एवं आस-पास के जनपदों में आयुष चिकित्सा सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के उपचार के लिए पर्याप्त संख्या में होम्योपैथ, आयुर्वेद, यूनानी अस्पतालों तथा ओपीडी के माध्यम से मरीजों का उपचार किए जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उपचार एवं अन्य सुविधाओं को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए नोडल अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एमओएस) डा दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने बताया कि अयोध्या तथा आस-पास के जनपदों जैसे बाराबंकी, अम्बेडकरनगर, बस्ती, गोण्डा, सुल्तानपुर तथा अमेठी में 201 आयुर्वेद चिकित्सक, 146 चिकित्साधिकारी तथा 140 फार्मासिस्ट, 158 होम्योपैथ चिकित्सक तथा 132 चिकित्साधिकारी एवं 156 फार्मासिस्ट के अलावा 32 यूनानी चिकित्सक एवं 25 चिकित्साधिकारी तथा 21 फार्मासिस्ट तैनात किए गए हैं। ये सभी चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल स्टाफ श्रद्धालुओं को चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। डॉ दयालु ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में 22 जनवरी, 2024 को होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए आयुष विभाग द्वारा विभिन्न जनपदों के प्रमुख स्थलों पर आयुष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। अयोध्या, बाराबंकी, अम्बेडकरनगर, बस्ती में 3-3 कैम्प, गोण्डा में 04, सुल्तानपुर में 02 तथा अमेठी में 02 कैम्पों की स्थापना की गई है। इन कैम्पों में पर्याप्त संख्या में चिकित्साधिकारी तथा फार्मासिस्ट लगाए गए हैं। इन कैम्पों में आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी औषधियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई हैं।