बीएचयू छात्रा से दुराचार मामले में समाजवादी महिला सभा ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

दोषियों के घरों पर भी चले बुलडोजर: गीता भारती

बस्ती: वाराणसी के बीएचयू में भारतीय जनता पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रा के साथ किये गये दुराचार की घटना के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता भारती के नेतृत्व में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। मांग किया कि घटना के विरोध में जिन छात्र-छात्राओं, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया उनके ऊपर दर्ज मुकदमों को वापस लेने के साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलवाकर पीड़िता और उनके परिवार को न्याय दिलाया जाय।

ज्ञापन देने के बाद समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता भारती ने कहा कि देशभर की एक-एक नारी देख रही है कि भाजपा नारी-सम्मान के साथ कैसा मनमाना खिलवाड़ कर रही है और महिला अत्याचार, उत्पीड़न और बलात्कार के आरोपियों को बचा रही है। आगामी चुनाव में महिलाएँ भाजपा को एक भी वोट नहीं देंगी। महिलाएँ ही भाजपा की हार का कारण बनेंगी। भाजपा का सच आज जनता के सामने है। जनता आगामी चुनाव में भाजपा को हराकर अपना फैसला भी देगी और महिलाओं के साथ इंसाफ करेगी।