Basti News: पुण्यतिथि पर समाजवादियों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को किया नमन

डा. लोहिया ने सत्ता से सवाल पूछना सिखाया: महेन्द्रनाथ यादव

Basti News: समाजवादी आन्दोलन के अगुवा डॉ. राम मनोहर लोहिया को उनकी 56वीं पुण्यतिथि पर याद किया गया। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने डा. लोहिया के विचारों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें नमन किया। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि डा. लोहिया ने आजाद भारत में सत्ता से सवाल पूछना सिखाया और सत्ता के खिलाफ रहकर भारतीय राजनीति के साथ भारतीयों के मन-कर्म पर गहरा प्रभाव छोड़ा।

वह हमेशा समाज और सरकार को एक साथ, एक रास्ते पर और एक समान बनाने के लिए कार्य करते रहे। उनका समाजवाद विश्व इतिहास से सीखते हुए भारतीय सभ्यता, भारतीय संस्कृति और भारतीय मानवतावाद से प्रभावित था। ऐसे महान व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर सपा चुनाव मैंदान में उतरेगी। पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, वरिष्ठ नेता श्रीपति सिंह, विधायक कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’ ने कहा कि लोहिया भारतीय राजनीति में गैर कांग्रेसवाद के शिल्पी थे। उन्हे देश में गैर-कांग्रेसवाद की अलख जगाने वाले नेता के तौर पर जाना जाता है।

डा. लोहिया चाहते थे कि दुनियाभर के सोशलिस्ट एकजुट होकर मजबूत मंच बनाए, और उनके अथक प्रयासों का फल था कि 1967 में कई राज्यों में कांग्रेस की पराजय हुई, हालांकि केंद्र में कांग्रेस जैसे-तैसे सत्ता पर काबिज हो पाई। लोहिया ने जो गैर-कांग्रेसवाद की अलख जगाई थी, वह आगे चलकर 1977 में केंद्र में पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार के रूप में फलीभूत हुई। लोहिया मानते थे कि अधिक समय तक सत्ता में रहकर कांग्रेस अधिनायकवादी हो गई थी और वह उसके खिलाफ संघर्ष करते रहे। उन्होंने जनहित के सवालों को लेकर आजीवन संघर्ष किया।