1st Nov Ad

Basti News: रोशन जैकब करेंगी महिला नायब तहसीदार के मामले की जांच

महिला नायब तहसीलदार मामले में बस्ती जिला प्रशासन पर लगा आरोपी सहकर्मी को बचाने का आरोप

Basti News: बस्ती में महिला नायब तहसीलदार से मारपीट व दुष्कर्म के प्रयास के मामले का राजस्व परिषद ने संज्ञान लिया है। मामले में बस्ती जिला प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए राजस्व परिषद ने इसकी जांच लखनऊ की मंडलायुक्त रोशन जैकब को सौंपी है। गौरतलब है कि रोशन जैकब जिलाधिकारी बस्ती रह चुकी हैं और वह यहां की कार्य प्रणाली से अच्छी तरह से परिचित हैं।

महिला नायब तहसीलदार के मामले में बस्ती जिला प्रशासन की तरफ से जिस तरह से आरोपी सहकर्मी घनश्याम शुक्ला का बचाने का प्रयास किया गया, वह अधिकारियों की मंशा की पोल खोलने के लिए काफी है। बस्ती जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की इस मामले में छवि धूमिल हुई है। सूत्रों की मानें तो बस्ती जिला प्रशासन की तरफ से राजस्व परिषद को भेजी गई रिपोर्ट में पीड़िता अधिकारी की चरित्र पर सवाल खड़े किए गए है।

गौरतलब है कि आरोपी घनश्याम शुक्ला के खिलाफ बस्ती पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है। मजे की बात यह है यह सब तब हुआ तब मामले ने तूल पकड़ा। इससे पहले बस्ती पुलिस ने न सिर्फ मामले को दर्ज करने में हीलाहवाली की, बल्कि मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी को गिरफ्तार करने से बचती रही।