मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में स्नान जारी, हालात सामान्य; सीएम योगी की अपील- संगम नोज की तरफ जाने से बचें श्रद्धालु

 

प्रयागराज: मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में अमृत स्नान के दौरान भगदड़ की मनहूस खबर के बाद अब हालात सामान्य हैं. संगम घाटों पर करोड़ों श्रद्धालु, साधु-संत का स्नान कर रहे हैं. पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है. प्रयागराज के रेलवे स्टेशन-बस अड्डों से लोगों को अलग-अलग घाटों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है. इस बीच खुद सीएम योगी ने लोगों से अपील की है. अपने संदेश में योगी ने कहा कि श्रद्धालु संगम नोज की तरफ जानें से बचें. मेला क्षेत्र में कई घाट बनाए गए हैं, वहां स्नान करें.

भगदड़ के बाद बदली व्यवस्था: रात करीब 1.30 बजे मची भगदड़ के बाद कुंभ मेला अधिकारियों ने बस स्टैंड और रेलवे से आने वाले यात्रियों को डायवर्ट करना शुरू कर दिया है. रेलवे के अधिकारियों और बस अड्डे पर तैनात अफसरों को निर्देश दिया गया है कि अब जो भी यात्री संगम क्षेत्र पहुंच रहे हैं, उन्हें संगम क्षेत्र न ले जाकर अन्य घाटों पर पहुंचाया जाए. इसको लेकर रेलवे स्टेशन से सीधे श्रद्धालुओं को बालसन चौराहे से बक्शी बंध होते हुए दशाश्वमेघ घाट और सेक्टर 6 में बने गंगा घाट की तरफ भेजा जा रहा है.

श्रद्धालुओं से की जा रही अपील: वहीं नैनी क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं को अरैल साइड में ही गंगा स्नान कराया जा रहा है. आईट्रिपलसी कमांड सेंटर से रेलवे के अधिकारियों के साथ पुलिस प्रशासन बराबर संपर्क साधे हुए है. जगह-जगह पर लगे कैमरों के माध्यम से मार्गों की निगरानी रखी जा रही है. महाकुंभ मेला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वह किसी भी गंगा घाट पर स्नान करें. मौनी अमावस्या का उतना ही पुण्य मिलेगा, संगम घाट की तरफ न आएं. वैसे तो मंगलवार सुबह से ही संगम नोज पर दबाव के चलते श्रद्धालुओं को डायवर्ट करना शुरू कर दिया गया था. रात में स्थिति सामान्य होने पर संगम घाट पर दोबारा श्रद्धालुओं को पहुंचने दिया जा रहा था. रात में हुई भगदड़ के बाद मेला प्रशासन अब पूरी कोशिश कर रहा है कि जो भी श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं, वह संगम ना आएं, जो घाट नजदीक हैं, वहीं से स्नान करके वापस हो जाएं.