भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज यूपी में करेगी प्रवेश, शामिल हो सकते हैं स्वामी प्रसाद-पल्लवी पटेल

लखनऊ: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार को प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी। चंदौली के नौबतपुर से पदयात्रा करते हुए यात्रा पड़ाव बाजार में रात्रि विश्राम करेगी। राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के आदर्श गांव डोमरी में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके लिए अवधूत भगवान राम समाधि स्थल के पास मिलिट्री ग्राउंड में टेंट लगाया गया है।

यात्रा में शामिल होंगे स्वामी प्रसाद और पल्लवी पटेल

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कई सपा नेता भी शामिल होंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही इसकी घोषणा कर चुके हैं। बृहस्पतिवार को सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और पल्लवी पटेल ने भी यात्रा में शामिल होने की बात कही है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह पूर्व में निर्धारित कार्यक्रमों के बीच न्याय यात्रा में शामिल होंगे। हालांकि कहां शामिल होंगे, अभी यह स्पष्ट नहीं किया है। विधायक पल्लवी पटेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी कोशिश होगी कि वाराणसी में ही यात्रा में शामिल हों। वे 18 को प्रयागराज में होने वाली जनसभा में भी मौजूद रहेंगी।