लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए बॉक्सर विजेंदर सिंह

नई दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव 2024 में मतदान होने से पहले कांग्रेस पार्टी को झटके पर झटके लग रहे हैं। अब हरियाणा में भिवानी के रहने वाले ओलिंपियन बॉक्सर और कांग्रेस नेता विजेंदर सिंह ने पार्टी छोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया है।

विजेंदर सिंह ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। कई दिनों से कयास लग रहे थे कि कांग्रेस उन्हें इस बार मथुरा सीट से मैदान में उतार सकती है, लेकिन यहां से बीजेपी की मौजूदा सांसद हेमा मालिनी तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं।

विजेंदर सिंह ने कही ये बात

विजेंदर सिंह जाट समुदाय से आते हैं, जिसका हरियाणा की कई सीट पर सियासी प्रभाव माना जाता है। इस समुदाय का पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी प्रभाव है। विजेंदर सिंह ने भाजपा में शामिल होने के मौके पर कहा कि जिस तरह देश-विदेश में खिलाड़ियों का मान-सम्मान बढ़ा है, खिलाड़ी उसके लिए बहुत धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं चाहूंता कि इस सरकार में रहकर खिलाड़ियों के लिए ज्यादा से ज्यादा काम कर सकूं।