लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार किया है. इस घोषणा में सबसे ज्यादा चर्चा उन नेताओं की हो रही है, जो पिछले चुनाव में हार गए थे. इन्हीं नेताओं को पार्टी ने संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं. उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने इन चेहरों को आगे बढ़ाया है.
बस्ती लोकसभा सीट से 2024 में हारे पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. लोकसभा चुनाव 2024 में अमेठी से हार झेल चुकी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी राष्ट्रीय महामंत्री का पद दिया गया है.
धौरहरा से हारी रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, ऊंचाहार विधानसभा सीट से हारे अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
इनके अलावा कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा में राष्ट्रीय जिम्मेदारी दी गई है. डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को भी राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है. प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद मिला है.
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम सोमवार को घोषित की गई थी. इसमें उत्तर प्रदेश के नेताओं पर खास फोकस किया गया है. भाजपा का कहना है कि इन नियुक्तियों से संगठन जमीनी स्तर पर और मजबूत होगा.
महिला शक्ति, अल्पसंख्यक और ओबीसी वर्ग तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए यह कदम उठाए गए हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्तियां 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और आगे के लोकसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा हैं.
चुनाव में हारने के बावजूद इन नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को पार्टी ने महत्व दिया है. स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी जैसे नेताओं का चुनाव प्रबंधन का अनुभव पार्टी के काम आएगा.
अमरपाल मौर्य और अन्य नेताओं के जरिए पार्टी विभिन्न वर्गों में अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रही है. भाजपा का दावा है कि नई टीम के गठन से आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलेगी.
इस तरह चुनाव में हारने वाले कई नेता अब संगठन के सितारे बन गए हैं. उत्तर प्रदेश की सियासी अहमियत को देखते हुए भाजपा ने इन चेहरों को राष्ट्रीय स्तर पर जगह दी है. पार्टी कार्यकर्ता इन नियुक्तियों को सकारात्मक मान रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि इससे संगठन और मजबूत होगा.
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह दोनों के बयान में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को शुभकामनाएं.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा नवनियुक्त सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई. उन्होंने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि आप सभी समर्पण और अपने संगठन कौशल से पार्टी को नईं ऊंचाईयों तक ले जाएंगे और जन सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे.
पंकज चौधरी ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल उत्तर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों को यशस्वी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाएंगे.