इलेक्ट्रॉल बांड के नाम पर भाजपा ने चंदा नहीं लिया, सिर्फ वसूली की है: अखिलेश यादव

इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार (24 अप्रैल) को ताखा के एसएस मैमोरियाल इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने इलेक्ट्रोरल बांड के नाम पर चंदा नहीं लिया, सिर्फ वसूली की है।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि ये चुनाव गर्मियों में होने जा रहा। चुनाव की सरगर्मी बढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने लगी है। उन्‍होंने कहा कि अभी तो हर दिन शाम को आंधी आएगी। जो पश्चिम से हवा चली है, वह भाजपा का सफाया करेगी। आगे कहा कि पहले चरण ने रुझान दे दिया है। किसान, नौजवान इस बार सपा के पक्ष में वोट कर रहा है।

वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से भी वसूल लिया चंदा

अखिलेश यादव ने इलेक्टोरल बांड का जिक्र करते हुए कहा कि चंदा पांच रुपये, एक हजार, एक लाख, दो लाख दिया जाता है। कोई भी चंदा छह सौ करोड़, एक हजार करोड़ नहीं देता है। इलेक्ट्रॉल बांड के नाम पर भाजपा ने वसूली की है। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स के सहारे सब रुपये वसूला गया है। उन्‍होंने कहा कि वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से भी चंदा वसूल लिया। बीमारी को भगवाने के लिए भाजपा ने ताली और थाली बजवाई।

इंडिया गठबंधन माफ करेगी किसानों का कर्ज

यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि पुरानी गारंटी जुमला थी, अब नई गारंटी घंटी है जो बजती रहेगी। भाजपा ने 16 लाख करोड़ रुपये उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया है। इसमें कई ऐसी कंपनी हैं, जिन्हें बैंकों से दोबारा कर्ज दिला दिया और उसमें से ही चंदा ले लिया। उन्‍होंने दावा कि इंडिया गठबंधन किसानों का कर्ज माफ करेगी। उन्होंने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने पर भी कहा कि चुनाव को देखते हुए भाजपा ने यह निर्णय लिया। साथ ही मैनपुरी से भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह का बिना नाम लिए हुए कहा कि बताओ मंत्री में ज्यादा चीनी या सांसद बनने में? जब मंत्री में ज्यादा चीनी है तो कोई सांसद क्यों बनेगा? उन्होंने कहा कि सिर्फ हाजिरी लगाने के लिए चुनाव लड़ा जा रहा है।