चुनाव में निष्‍पक्षता-पारदर्शिता को महत्‍व नहीं देती भाजपा, अखिलेश यादव ने क्‍यों कही ये बात?

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते देश बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने यह पहले ही आशंका जताई थी कि संविधान के अच्छे होने के बावजूद सत्ता के दुरूपयोग और सत्‍ताधारी की नीयत से इसकी व्यवस्थाओं का दुरुपयोग भी हो सकता है।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि आज जो सत्ता में हैं, उन्हें न संविधान की मर्यादा की चिंता है और नहीं लोकतंत्र को बचाए रखने का इरादा है। सत्ता और केवल सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की ही भाजपा की राजनीति ने जनता के हितों को ताक पर रख दिया है। भाजपा जबसे सत्ता में आई है, भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है।

भाजपा-आरएसएस पर लगाया ये आरोप  

उन्‍होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में जो मूल्य गढ़े गये थे भाजपा और उसके मातृ संगठन आरएसएस ने उनका न केवल मखौल उड़ाया है बल्कि उनका तिरस्कार भी किया है। जनता के अधिकारों के अपहरण में भाजपा ने सभी मूल्यों, आदर्शों को तिलांजलि देकर केवल सत्ता भोग को ही अपना एक मात्र ध्येय निर्धारित कर रखा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में आर्थिक गैर बराबरी बढ़ी है और समाज बंटा है। नफरत का माहौल बना है। सामाजिक न्याय की उपेक्षा हुई है। भाजपा सरकार जनता को डॉ. अंबेडकर के संविधान के अनुसार हक और सम्मान नहीं देना चाहती है। साम्प्रदायिक उन्माद को बढ़ावा मिला है। सत्तासीन पूंजीपतियों की गोद में बैठ गए हैं और गरीब, किसान, मजदूर उनकी प्राथमिका में नहीं है।

चुनाव में निष्‍पक्षता-पारदर्शिता को महत्‍व नहीं देती भाजपा

पूर्व सीएम ने कहा कि सर्वाधिक चिंता की बात तो यह है कि भाजपा ने लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया और मतदान की व्यवस्था को भी प्रदूषित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चुनाव में निष्‍पक्षता और पारदर्शिता को भाजपा महत्व नहीं देती है। ईडी, सीबीआई, आईटी आदि एजेंसियों का दुरूपयोग विपक्ष को बदनाम करने और उसे प्रताड़ित करने में किया जा रहा है।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में किसान लगातार आंदोलित है। एक लाख किसानों ने आत्महत्या की और 90 फीसदी नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है। पांच ट्रिलियन और एक ट्रिलियन डॉलर एकोनामी के झूठे दावे पेश किए जा रहे हैं जबकि खुद प्रधानमंत्री जी 80 करोड़ गरीबो की संख्या का हवाला मुफ्त राशन के मामले में देते हैं।

पीडीए ही आज की समस्‍याओं का समाधान

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मानना है कि पीडीए ही आज की समस्याओं का समाधान है। पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आधी आबादी के साथ जो पीडीए में जुड़े हैं, वही परितर्वन के संदेशवाहक बनेंगे। जनता बदलाव के लिए संकल्प के साथ अब सही समय का इंतजार कर रही है।