खुद की लगाई नफरत की आग में झुलस रही भाजपा: ज्ञानेन्द्र पाण्डेय

अयोध्या की घटना का विरोध, कांग्रेसियों ने बापू प्रतिमा के समाने गाया रामधुन

बस्ती: अयोध्या में भाजपा व आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस पार्टी का ध्वज क्षतिग्रस्त कर उसे पैरों से रौंदने तथा पार्टी कार्यकर्ता अनोखे लाल तिवारी संग की गई अभद्रता से आहत कांग्रसियों ने बापू की प्रतिमा के समक्ष ‘रघुपति राघव राजाराम का पाठ’ कर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ने कहा, भाजपा खुद के द्वारा लगाई नफरत की आग में झुलस रही है। एक राजनीतिक दल के ध्वज को अपमानित करना नफरत की पराकाष्ठा है। भाजपा द्वारा देशभर में फैलाई जा रही नफरत इसी तरह फलती फूलती रही तो एक दिन भाजपा खुद इसमें जलकर भस्म हो जायेगी। आज हम लोग गांधी का प्रिय भजन गा कर घटना का विरोध दर्ज करा रहे हैं और ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि भाजपा को सदबुद्धि दें।

डुमरियागंज लोकसभा के कोआर्डिनेटर देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा, राम को लाने से पहले भाजपा को राम का चरित्र पढ़ना चाहिये, जिसके राज्य में नफरत नही मोहब्बत थी और हर किसी के साथ न्याय होता था। मुख में राम बगल में छूरी रखने वालों के राम कभी आराध्य नहीं हो सकते। जिस आराध्य की हम साधना करते हैं उनके जीवन चरित्र को हमें जानना चाहिये और उसे अपने आचरण में शामिल करना चाहिये, किन्तु भाजपा का ऐसा संस्कार कहां? एक सुनियोजित साजिश के तहत पूरे देश को नफरत की आग में झोंक दिया गया है। इसी को कहते हैं, मुख में राम बगल में छूरी।