लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कोविशील्ड वैक्सीन के ‘दुष्प्रभावों’ पर विवाद के बीच बुधवार (1 मई) को बीजेपी पर एक वैक्सीन निर्माता से ‘राजनीतिक चंदा वसूलने’ के लिए लोगों की जिंदगी दांव पर लगाने का आरोप लगाया। साथ ही इसकी उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घातक दवाओं की अनुमति देना किसी की हत्या की साजिश के समान है और जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चंदे के नाम पर कुछ करोड़ रुपयों के लिए देश की 80 फीसदी आबादी का जीवन खतरे में डाल दिया गया है। बता दें कि कोविशील्ड वैक्सीन का मूल फॉर्मूला बनाने वाली कंपनी एक्स्ट्रोजेनेका ने माना है कि इससे टीटीएस बीमारी का खतरा होता है।
सरकार सौदागर नहीं होनी चाहिए!
चंदे के नाम पर कुछ करोड़ रुपयों के लिए देश की 80% आबादी का जीवन ख़तरे में डालनेवाली पैसों की लालची पार्टी को देश की जनता लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हराकर अपना जवाब देगी।
देशभर की डरी हुई जनता अपना वैक्सिनेशन सर्टिफिकेट निकालकर देख रही है कि उसे कौन…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 1, 2024
भाजपा पर जमकर साधा निशाना
पूर्व सीएम ने कहा कि उनके प्रियजनों को टीके के दुष्प्रभाव के कारण या जिन्हें टीके के दुष्प्रभाव का डर था, उनके संदेह और डर अब सही साबित हो गए हैं। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था और अब भी कह रहे हैं कि पूरी तरह से जांच-परीक्षण के बिना वैक्सीन दिया जाना सही नहीं था, वहीं अब जब विदेशी कोर्ट में कोविशील्ड वैक्सीन बनाने वाली कंपनी ने खुद इसके बुरे साइड इफेक्ट के बारे में स्वीकार कर लिया है तो फिर जनता को और क्या सबूत चाहिए।
