मध्‍यप्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 11 लोगों की मौत; सीएम ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट  

रेस्क्यू के दौरान एक और धमाका, मलबे में दबे लोगों को निकाल रही NDRF

हरदा: मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया, जिससे हादसे में 11 लोगों के मौत की खबर है। हालांकि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एचपी सिंह ने 9 लोगों के मौत की पुष्टि की है। कई घायलों की स्थिति गंभीर है।

मौके पर मौजूद नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) मलबे में दबे लोगों को निकाल रही हैं। टीम जब जेसीबी से मलबा हटा रही थी इस दौरान एक और धमाका हो गया। जिला अस्पताल प्रबंधन के अनुसार 200 से ज्यादा घायल अस्पताल लाए गए हैं। इनमें 132 पुरुष और 98 महिलाएं के साथ बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम भी रेफर किया गया है।

सुबह करीब 11 बजे हुआ हादसा

पटाखों की यह फैक्ट्री हरदा शहर में ही मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। धमाका मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। धमाका इतना तेज था कि पूरे शहर में इसकी आवाज सुनाई दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा रहा था। करीब एक घंटे तक धमाके होते रहे।

जानकारी मिली है कि फैक्ट्री के आसपास बने घरों में बारूद रखा था। धमाके के बाद 60 घरों में आग लग गई। एहतियातन 100 से ज्यादा घरों को खाली कराया गया है। हरदा के आसपास के 7 जिलों की फायर ब्रिगेड बुलाई गई हैं। आग अभी भी सुलग रही है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। हरदा एसडीएम केसी परते ने कहा कि फैक्ट्री अनफिट थी।

सीएम ने सभी कलेक्टर्स से 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में सभी कलेक्टर और कमिश्नर के साथ ऑनलाइन बैठक की। इसमें कलेक्टरों को जिले में संचालित पटाखा फैक्ट्री का संचालन लाइसेंस की शर्तों के अनुसार हो रहा है या नहीं? इसकी जांच करने के निर्देश दिए हैं। सभी कलेक्टर 24 घंटे में गृह विभाग को रिपोर्ट सौंपेंगे।

मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने के निर्देश

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में अफसरों के साथ बैठक ली। उन्होंने हरदा में पटाखा फैक्ट्री हादसे में घायल लोगों के इलाज के लिए हर संभव व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की तत्काल सहायता देने के भी निर्देश दिए।