लखनऊ के रहीमनगर समेत पांच इलाकों में चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने लगाए लाल निशान

लखनऊ: राजधानी में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में अकबरनगर के बाद अब अबरारनगर, रहीमनगर सहित पांच इलाकों में अवैध निर्माण गिराने का अभियान चलेगा। अबरारनगर, रहीमनगर, इंद्रप्रस्थनगर, खुर्रमनगर और पंतनगर में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई होगी।

बता दें कि सोमवार (8 जून) को लखनऊ विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने रहीमनगर और इंद्रप्रस्थनगर में सर्वे किया। जिन मकानों को गिराया जाना है, उस पर प्रशासन की ओर से लाल निशान लगाया। इसके बाद अबरारनगर और पंतनगर में भी सर्वे किया जाएगा। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार यहां करीब 700 से अधिक अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलेगा।

50-50 मीटर तक तोड़ा जाएगा अवैध निर्माण

सिंचाई विभाग का कहना है कि कुकरैल नदी के बहाव क्षेत्र के अलावा दोनों ओर 50-50 मीटर तक हुए अवैध निर्माण को तोड़ा जाएगा। एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार से यहां सर्वे शुरू हो गया। सर्वे के बाद यहां के अवैध मकानों पर बुलडोजर चलेगा। पंतनगर में बड़ी संख्या में अपार्टमेंट और मकान बने हैं। जिनका गिरना तय है।

लखनऊ के रहीमनगर समेत पांच इलाकों में चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने लगाए लाल निशान

खुर्रमनगर से कुकरैल की तरफ जाने वाली सड़क पर पचास मीटर बाद ही अबरारनगर का इलाका शुरू होता है। यहां नदी (जिसे अभी नाला कहा जाता है) की चौड़ाई 40 फीट से भी कम है। इसके दोनों तरफ मकान बना लिए गए हैं। यहीं बीच से नाला भी गुजरता है। इसपर अतिक्रमण कर कई मकान बनाए गए हैं।

नदी किनारे बने है कई आलीशान मकान

अब मंगलवार को मशीनों के साथ फिर मैपिंग का काम किया जाएगा। नाले के बाईं ओर करीब 1500 मीटर तक 50 मीटर की चौड़ाई में करीब 350 से ज्यादा मकान हैं, जिनका टूटना तय है। जबकि दाईं तरफ भी 1500 मकान बनाए गए हैं। उस पर भी कार्रवाई की जा सकती है। नदी के किनारे कई नए आलीशान मकान भी बने हैं।