मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा, जानिए कारण

नई दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की सुरक्षा को बढ़ाने का निर्णय लिया है। गृह मंत्रालय द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। हाल ही में IB की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट आई थी, जिसके बाद ही गृह मंत्रालय ने ये फैसला लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीईसी कुमार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को लगभग 40-45 सशस्त्र कमांडो की एक टुकड़ी तैनात करने की जिम्मेदारी सौंपी है। राजीव कुमार को Z कैटगरी की सुरक्षा देने का फैसला IB की एक रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।

19 अप्रैल से शुरू होगा पहले चरण का मतदान

केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से तैयार की गई रिपोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के लिए मजबूत सुरक्षा उपायों की सिफारिश की गई थी। देश भर में यात्रा के दौरान सशस्त्र कमांडो CEC राजीव कुमार के साथ रहेंगे। यह कदम सात चरणों में होने जा रहे आम चुनाव की तैयारियों के बीच उठाया गया है। बता दें कि आम चुनाव का पहला चरण 19 अप्रैल से शुरू होगा।

बता दें कि राजीव कुमार 1984 बैच के सेवानिवृत आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने 15 मई 2022 को 25 वें मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला था। उन्हें एक सितंबर, 2020 को निर्वाचन आयोग में चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था।

भारत में सुरक्षा श्रेणियां

  • एक्स श्रेणी 2 कर्मियों का एक सुरक्षा विवरण है, जिसमें कोई कमांडो नहीं बल्कि केवल सशस्त्र पुलिस कर्मी होते हैं।
  • Y श्रेणी में 8 कर्मियों का सुरक्षा विवरण होता है, जिसमें 1 या 2 कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल होते हैं।
  • Y+ श्रेणी में 11 कर्मियों की सुरक्षा होती है, जिसमें 2-4 कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल होते हैं।
  • Z श्रेणी में 22 कर्मियों की सुरक्षा होती है, जिसमें 4-6 एनएसजी कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल होते हैं।
  • Z+ श्रेणी में 55 कर्मियों की सुरक्षा होती है, जिसमें 10+ NSG कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल होते हैं।
  • विशेष सुरक्षा समूह एक विशिष्ट बल है, जिसका विवरण वर्गीकृत किया जाता है और केवल भारत के प्रधानमंत्री को प्रदान किया जाता है।