लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा की शुचिता सर्वोपरि है. नकल, अफवाह या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. सीएम योगी ने भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए.
अधिकारियों को बुधवार की रात वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने कहा कि हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पीने का पानी, चिकित्सा सुविधा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों से सख्ती से कहा कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए सीएम ने सभी जिलों में हर फीडर पर शिविर लगाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से संबंधित आशंकाओं का यथोचित समाधान किया जाए. विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट शीघ्र आएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने जातीय तनाव भड़काने वाली साजिशों पर कड़ी नजर रखने को कहा. अराजक तत्वों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. 30 अप्रैल से 2 मई के बीच विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. बारूद गोदामों और आतिशबाजी कारखानों की सुरक्षा को लेकर सीएम योगी ने सभी जिलों में तत्काल निरीक्षण कराने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं होगा. किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। सीएम ने पैनिक फैलाने से बचने की अपील की और सभी जिलाधिकारियों को स्वयं समीक्षा करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और जन-सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. अधिकारियों को सतर्क रहते हुए जनहित में कार्य करने को कहा. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा.