लखनऊ: राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मोदी सरकार में कैबिनेट राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने रविवार देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है. केंद्र से लेकर यूपी तक भारतीय जनता पार्टी और आरएलडी का गठबंधन है. अब कुछ माह बाद उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है? ऐसे में आरएलडी और बीजेपी के बीच गठबंधन को पुख्ता करने को लेकर इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है. रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्स ऑडिटोरियम में आरएलडी की तरफ से समारोह भी आयोजित किया गया. कार्यक्रम की मेजबानी राष्ट्रीय लोक दल के सदस्य, शिक्षक नेता और पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बीके शुक्ला ने की. जयंत चौधरी को चांदी का मुकुट, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया.
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने समारोह को पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का महत्वपूर्ण अवसर बताया. उन्होंने राष्ट्रीय लोक दल की संगठनात्मक प्राथमिकताओं, कार्यकर्ताओं की भूमिका और उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार को लेकर अपने विचार साझा किए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हुए समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद स्थापित करें और पार्टी की विचारधारा, नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को व्यापक स्तर तक पहुंचाएं.
जयंत चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल का मजबूत राजनीतिक आधार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहा है, लेकिन अब पार्टी अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी संगठनात्मक विस्तार एवं जनसंपर्क को नई गति देने की दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी होने के साथ-साथ अवध और पूर्वांचल के साथ व्यापक राजनीतिक और सामाजिक संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र है. उन्होंने किसानों, युवाओं, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया. कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि जनता के बीच निरंतर उपस्थित रहकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को समझें तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं.
राष्ट्रीय लोक दल के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश लंबे समय से मजबूत राजनीतिक आधार रहा है. अब पार्टी अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपनी संगठनात्मक उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में सक्रियता बढ़ा रही है. लखनऊ में आयोजित यह समारोह इसी व्यापक संगठन विस्तार और नए क्षेत्रों में जनसंपर्क को गति देने के प्रयास के रूप में महत्वपूर्ण रहा.
शिक्षक नेता बीके शुक्ला की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक समुदाय, युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी ने भी पार्टी के व्यापक जनसंपर्क अभियान को नई दिशा देने का संदेश दिया. बीके शुक्ला ने राष्ट्रीय लोक दल के साथ अपनी नई राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए पार्टी की विचारधारा किसान, युवा, शिक्षक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाने की बात कही.
उन्होंने कहा कि लखनऊ और अवध क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रीय लोक दल के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे. कैबिनेट मंत्रीअनिल कुमार ने राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का उत्साहवर्धन किया और संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया. राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
राष्ट्रीय लोक दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों एवं संगठनात्मक विस्तार को लेकर अपने विचार रखे. प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) अनुपम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया.