1008 कुंडीय हनुमन महायज्ञ में शामिल हुए सीएम योगी

योगी आदित्यनाथ ने की तुलसी पीठाधीश्वर श्रीरामभद्राचार्य से मुलाकात

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्रीरामभद्राचार्य से भी मुलाकात की। पद्म पुरस्कार से सम्मानित श्रीरामभद्राचार्य के 75वें जन्मदिवस पर अयोध्या के काशीराम कॉलोनी के पास अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह आयोजन 14 जनवरी से शुरू हुआ है, जो 22 जनवरी तक निरंतर चलेगा। आयोजन के छठवें दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां पहुंचे। आयोजन स्थल पर चल रही 1008 कुंडीय हनुमन महायज्ञ में शामिल हुए। योगी आदित्यनाथ ने आहुति देकर सुखी स्वस्थ व समृद्ध उत्तर प्रदेश की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले जगदगुरु श्रीरामभद्राचार्य के पास पहुंचे। अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। यहां सीएम ने श्रीरामभद्राचार्य का हालचाल भी जाना। आयोजन स्थल पर सीएम को देख उपस्थित श्रद्धालुओं व आगंतुकों ने अपने मोबाइल में फोटो व वीडियो बनाया। सभी सीएम की एक झलक पाने को बेताब दिखे। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन किया।