21st Nov Header Ad

सीएम योगी बोले- रामभक्तों और राम द्रोहियों के बीच है चुनाव

लखनऊ: हरदोई लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत शाहाबाद कस्बे की बड़ी फील्ड में आयोजित जनसभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच है। एक तरफ भाजपा और उसके सहयोगी दल हैं जो राम की सत्ता पर विश्वास करते हैं। दूसरी तरफ वे लोग हैं जो राम का विरोध करते हैं। राम का विरोध करने वालों की हमेशा दुर्गति होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की मति मारी गई है जो भगवान राम का विरोध कर रही है।

जनसभा में मौजूद लोगों को हरदोई का पौराणिक महत्व समझाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हरदोई तो श्री हरि भगवान विष्णु की धरती है। यहां श्री हरि ने बाराह (वामन) और नरसिंह अवतार लिए हैं। हरदोई सबके लिए मानक है, क्योंकि श्रृष्टि के प्रारंभ से ही ईश्वरीय सत्ता का विरोध करने वाले और ईश्वरीय सनेही के बीच संघर्ष होता रहा है। हरदोई वासी श्री हरि के स्नेही हैं और इसी लिए यहां का नाम हरदोई पड़ा।

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक प्रवक्ता को कांग्रेस ने सिर्फ इसलिए पार्टी से निकाल दिया क्योंकि वह अयोध्या धाम में श्रीराम लला का दर्शन करने चली गईं थीं। उन्होंने कहा कि हर तरफ एक बार फिर मोदी सरकार का नारा गूंज रहा है। इसकी वजह यह है कि हर कोई कह रहा है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। इसलिए राम भक्त ही आएंगे और राम द्रोही नहीं आएंगे। भाजपा की सरकार में आस्था का सम्मान है। यह पीढ़ी सौभाग्यशाली है जो श्रीरामलला को अयोध्या धाम में विराजते हुए देखा।

उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ का कॉरिडोर बन गया। जिले के हर मठ व मंदिर के विकास के लिए कुछ न कुछ मिला होगा। सपा को निशाने पर लेेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वह दिन चले गए जब भेदभाव होता था। कब्रिस्तान के लिए पैसा आता था और श्मशान घाट के लिए बजट नहीं मिलता था। जनसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल, डा. अशोक वाजपेयी, विधायक श्याम प्रकाश, माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, प्रभाष कुमार, एमएलसी अशोक अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने किया।