देवरिया में सीएम योगी ने कहा- इंडी गठबंधन सत्ता में आया तो लौट आएगा माफिया-गुंडाराज

देवरिया: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार (24 मई) को देवरिया जिले के पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के नवतप्पी इंटर कॉलेज रामपुरगढ़ के मैदान में भाजपा प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमने माफियाओं का राम नाम सत्य किया है़। इस चुनाव में एक तरफ रामभक्तों की टीम है तो वहीं, दूसरी तरफ राम भक्तों पर गोलियां चलाने वालों का गठबंधन है। यदि इंडिया गठबंधन सत्ता में आया तो फिर से माफिया व गुंडाराज लौट आएगा।

मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा कि एक तरफ भाजपा का एनडीए गठबंधन है, जिसकी सरकार में माफियाराज और गुंडाराज का खात्मा हुआ है। दूसरी तरफ सपा-कांग्रेस का गठबंधन है, जिसकी सरकार में आतंकवादी घटनाएं होती हैं। इन लोगों ने नाम तो नया बनाया है, लेकिन माल वही पुराना है। जब इनकी सरकार होती है़ तब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई जाती हैं। वाराणसी के संकट मोचन मंदिर पर आतंकवादी हमला होता है। जब हमारी सरकार आती है़ तो आतंकवादी या तो जेल में होते हैं या उनकी जगह कब्र में होती है। सपा-कांग्रेस गठबंधन को आतंकवाद व नक्सलवाद खत्म करने की चिंता नहीं है, इन लोगों को आतंकवादी घटना में शामिल लोगों के मुकदमे वापस करने की चिंता सताती है।

देवरिया में सीएम योगी

इं‍डी गठबंधन पर साधा निशाना

सीएम योगी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के लोग यह झूठ फैला रहे हैं कि अबकी बार यदि भाजपा की सरकार बनी तो आरक्षण खत्म हो जाएगा। सीएम योगी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश के संविधान के साथ सबसे अधिक खिलवाड़ कांग्रेस ने किया। पहले उसने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराया। फिर भारतीय संविधान के साथ छेड़छाड़ किया। जब तक मोदी जी रहेंगे संविधान के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होने देंगे। राम मंदिर निर्माण का पुण्य जो आपके माथे पर चढ़ा है, गोकशी करने वालों का साथ देकर क्या आप उस पुण्य को नष्ट करेंगे।

उन्होंने कहा कि भारत शरीयत से नहीं संविधान से चलेगा। हम कत्तई शरीयत से देश को नहीं चलने देंगे। आज पूरा देश कह रहा है़ फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 के पार। इसके लिए हमें घर-घर जाकर लोगों से अपील कर कमल खिलाकर मोदी जी के नेतृत्व में फिर एक बार सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। सरकार ने सेना के जवानों का सम्मान बढ़ाया है। सेना में लेफ्टिनेंट जनरल रहे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के बेटे शशांक मणि त्रिपाठी को देवरिया अपना प्रत्याशी बनाकर एक तरह से सेना और और सेना के जवानों का सम्मान किया है। देवरिया के लोगों का यह दायित्व बनता है कि यहां से रिकॉर्ड मतों से भाजपा उम्‍मीदवार को जीतकर भेजें और देश के सैनिकों का सम्मान करें।