GBC@IV: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 10 लाख करोड़ रुपये की 14 हजार निवेश परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इससे 34 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा, जो यूपी को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के सीएम योगी आदित्यनाथ के सपने को पूरा करने की दिशा में एक अहम पड़ाव है। कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जा रहा है।
यूपी विकास और सुशासन से पहचान बना रहा है
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी से न सिर्फ देश के विकास को गति मिलेगी बल्कि 34 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। आज यूपी सुशासन और विकास से पहचान बना रहा है। आज लोग कहने लगे हैं कि सुरक्षित निवेश मतलब उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अबूधाबी में मंदिर का शुभारंभ करने को लेकर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आचार्य चाणक्य ने निवेश के बारे में कहा था कि इसके लिए भूमि, जनसंख्या और पूंजी की जरूरत होती है। यूपी में ये सबकुछ मौजूद है।
प्रदेश में अभी तक तीन ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह हो चुके हैं। इससे प्रदेश में युवाओं के लिए लाखों रोजगार की संभावनाएं खुली हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं के प्रस्ताव मिल चुके हैं। अब उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।