लखनऊ/उन्नाव: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अपमान करने वालों को ललकारा। शाहजहांपुर में उन्होंने कहा कि मैनपुरी में सपा के गुंडों ने प्रतिमा पर चढ़कर अपवित्र किया। महाराणा प्रताप की आन-बान-शान के प्रतीक भाला को तोड़ने की कोशिश की, अपशब्द कहे। अकबर और औरंगजेब की इन औलादों को बताया जाना चाहिए कि यह नया भारत है। यहां राष्ट्रनायकों का अपमान बर्दाश्त नहीं है। सपाई गुंडे बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को भी अपवित्र करने का प्रयास कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने सपा को यह कहकर घेरा और चेताया कि चुनाव आने पर गुंडों की गर्मी बढ़ जाती है। चुनाव परिणाम आने दो, गुंडों की गर्मी भी उतर जाएगी…! उन्होंने उन्नाव से साक्षी महाराज, हरदोई से जयप्रकाश रावत और शाहजहांपुर से अरुण सागर को लोकसभा भेजने की अपील की। शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत बताते हुए कहा कि चुनाव आने पर सपाई गुंडों को अवसर मिल जाता है। उन्हें लगता है कि फिर से जनता पर कहर ढाने लगेंगे…मगर, यह उनकी गलतफहमी है।
सपा राष्ट्रनायकों का कर रही अपमान: सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने याद दिलाया कि बीजेपी बलिदानियों का सम्मान करती है, दूसरी ओर आइएनडीआइए गठबंधन में शामिल सपा राष्ट्रनायकों का अपमान कर रही। सीएम योगी ने उन्नाव की जनसभा में कहा कि सपा कहती थी अयोध्या में कोई परिंदा पर नहीं मार सकता है, कांग्रेसी कहते थे राम हुए ही नहीं। जब अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला विराजमान हो गए तब रामद्रोहियों के स्वर बदल गए। अब वह कहते हैं श्रीराम तो सबके हैं। सपा और कांग्रेस का दोहरा चरित्र देश के सामने आ चुका है।