कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे बोले- आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला है चुनावी बॉन्‍ड

लखनऊ: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने शुक्रवार (22 मार्च) को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य राजनीतिक दलों का गला घोंटकर आगे बढ़ना चाहती है। एक-एक कर वह राजनीतिक दलों पर हर प्रदेश में प्रहार कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उन्होंने कहा कि आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला इलेक्टोरल बॉन्ड है। जब 2017 में इसको लेकर कानून बनाया जा रहा था, उस समय कांग्रेस ने सबसे पहले इसका विरोध किया था। इसी के साथ आरबीआई और भारत निर्वाचन आयोग ने भी इस पर आपत्ति दर्ज कराई थी, क्योंकि यह कंपनी एक्ट का भी उल्लंघन है।

चंदा देने पर भी हुई छापेमारी

अभय दुबे ने कहा कि लोगों को धमकी देकर, गला घोंटकर, ईडी का डर दिखाकर चंदा लिया गया। इतना ही नहीं अन्य सियासी दलों को चंदा देने पर भी छापा मारा गया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस का खाता सिर्फ 14 लाख रुपये का ब्योरा न दे पाने के कारण सीज कर दिया गया। हम न तो अपने प्रत्याशी का सहयोग कर सकते हैं, न प्रचार कर सकते हैं और न ही कहीं आने-जाने में खर्च कर सकते हैं। बता दें कि इस प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कुछ कारणों से शामिल नहीं हो सके।