यूपी जोड़ो यात्रा में शामिल होने बस्ती से लखनऊ जाएंगे कांग्रेसी

6 जनवरी को लखनऊ पहुंच रही यूपी जोड़ो यात्रा

बस्ती: कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेने हेतु बस्ती से बड़ी संख्या में कांग्रेसी शनिवार की सुबह लखनऊ कूच करेंगे। पार्टी दफ्तर पर जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’ की अध्यक्ष में हुई बैठक में यात्रा में बस्ती से बड़ी संख्या में प्रतिभाग करने की रणनीति बनी। उन्होंने जानकारी देते हुये बताया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में जारी यूपी जोड़ो यात्रा 6 जनवरी को लखनऊ पहुंच रही है।

यात्रा रकाबगंज से शुरू होकर परिवर्तन चौक होते हुये शहीद स्मारक पर समाप्त होगी। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसी पूरे जोश खरोश से हिस्सा लेंगे। ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि जो कांग्रेसी लखनऊ जाना चाहते हैं वे उनके संपर्क में रहें। बैठक को सम्बोधित करते हुये पूर्व जिलाध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी ने कहा यूपी जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनना हर कांग्रेसी के लिये गौरव की बात है। केन्द्र व प्रदेश में संविधान को हाशिये पर जिस तरह से सरकार चलाई जा रही है इससे लगता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक तानाशाह के रूप में अपनी वैश्विक पहचान बनाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस ने गुलामी से लेकर आजादी तक हर दौर देखा है, सरकार की मानमानियों के खिलाफ कांग्रेस की जंग जारी रहेगी।