श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास और अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय एवं आर्ट गैलेरी के बीच हुए अहम समझौते

नमामि रामम नृत्य नाटिका ने आए दर्शकों का मोहा मन

लखनऊ: संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अयोध्या के मध्य अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय एवं आर्ट गैलेरी अयोध्या के संचालन प्रबंधन एवं रखरखाव के लिए समझौता ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार जयवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि बीते कुछ वर्षों में न सिर्फ हमारे प्रदेश में बल्कि पूरे देश में उत्तर प्रदेश की कला-संस्कृति को लेकर एक नई जागरूकता, एक नई चेतना जागृत हो रही है।

जैसे कला, साहित्य और संस्कृति समाज की सामूहिक पूंजी होते हैं, वैसे ही इन्हें, आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी पूरे समाज की होती है। और मुझे खुशी है कि इस दिशा में उत्तर प्रदेश में सफल प्रयास हो रहे हैं। इसके लिए संस्कृति विभाग की जितनी भी सराहना की जाए, वो कम होगी। इस दौरान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास महासचिव चम्पत राय, निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, निर्माण समिति सदस्य अनूप कुमार मित्तल,बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश दुर्गा शंकर मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कला एवं संस्कृति के संवर्धन हेतु, देश-प्रदेश के विभिन्न अंचलों में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, एवं प्रदेश के सतत सांस्कृतिक विकास पर प्रकाश डाला। इस दौरान संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के लोक कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रयागराज से आए लोककलाकारों द्वारा देढ़िया एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नमामि रामम नृत्य नाटिका ने वहाँ आए दर्शकों का मन मोह लिया।

-आरएल पाण्डेय की रिपोर्ट