एकेटीयू विश्‍वविद्यालय के खाते से साइबर अपराधियों ने पार किए 120 करोड़, सात गिरफ्तार

लखनऊ: डॉ. एपीजे अब्‍दुल कलाम टेक्निकल यूनविर्सटी (एकेटीयू) के खाते से साइबर अपराधियों ने 120 करोड़ रुपये पार कर दिए। पूरी रकम एक ट्रस्ट के खाते में ट्रांसफर की गई। साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई। टीम ने यूपी और गुजरात से सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

साइबर क्राइम थाने में एकेटीयू की ओर से 12 जून को एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया था विवि के यूनियन बैंक खाते से 120 करोड़ रुपये पार किए गए हैं। तफ्तीश में सामने आया कि गुजरात की एक ट्रस्ट के खाते में ये पूरी रकम ट्रांसफर की गई है। तीन टीमों ने मिलकर सूरत से मास्टरमाइंड को दबोचा और फिर एक के बाद एक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने 119 करोड़ रुपये किए बरामद

पुलिस ने अबतक 119 करोड़ रुपये की रिकवरी भी कर ली है। अपराधी सिर्फ एक करोड़ रुपये ही खर्च कर पाए थे। पुलिस ने गिरीश चंद्रा, शैलेश रघुवंशी, जोशी देवेंद्र प्रसाद, केके त्रिपाठी, दस्तगीर आलम, उदय पटेल और राजेश बाबू को गिरफ्तार किया है।