‘दंगल गर्ल’ सुहानी भटनागर का निधन, लंबे समय से चल रहा था इलाज

एंटरटेनमेंट डेस्‍क: बॉलीवुड एक्‍टर आमिर खान के साथ उनकी सबसे ज्यादा कमाई फिल्म ‘दंगल’ में चाइल्ड एक्टर के रूप में काम कर चुकी एक्‍ट्रेस सुहानी भटनागर का निधन हो गया है। वह सिर्फ 19 साल की थीं और लंबे समय से अस्पताल में भर्ती थीं।

बताया जा रहा है कि हरियाणा में कुछ समय पहले फरीदाबाद के सेक्टर-17 की रहने वाली सुहानी भटनागर का एक एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ था। वह तब से ही दिल्ली के एम्स में भर्ती थीं और इलाज जारी था।

फरीदाबाद में होगा अंतिम संस्‍कार

इस दौरान उन्हें कुछ ऐसी दवाइयां दी गईं कि फायदा होने के बजाए शरीर में पानी भरना शुरू हो गया था। दवाइयों के उल्टे रिएक्शन के कारण सुहानी भटनागर ने एम्स में शुक्रवार शाम को दम तोड़ दिया। शनिवार (17 फरवरी) को सुहानी का सेक्टर-15 फरीदाबाद के अजरौंदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दंगल मूवी में काम कर पाई प्रसिद्धि

साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म ‘दंगल’ में सुहानी भटनागर चाइल्ड एक्टर के रूप में नजर आईं। उन्होंने फिल्म में आमिर खान के किरदार महावीर फोगाट की छोटी बेटी बबीता फोगाट का किरदार निभाया था। इसके बाद से ही वह दंगल गर्ल के नाम से मशहूर हो गई थीं।

‘दंगल’ बॉलीवुड की सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाली फिल्म है। इसने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 2,023 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया है। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में आमिर खान के साथ साक्षी तंवर, फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा और जायरा वसीम मुख्य भूमिकाओं में नजर आईं।