आजमगढ़ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले- ये गुंडाराज मुक्‍त यूपी है, बदमाशों के हौसले पूरी तरह पस्त

आजमगढ़: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार (23 मई) को लालगंज लोकसभा क्षेत्र के मेहियापार में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि मैं पूरे देश में भ्रमण करने के बाद और सार्वजनिक जनसभाओं को संबोधित करने के बाद इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि मोदी की 400 पार की सरकार बनानी है। जहां तक उत्तर प्रदेश का सवाल है तो उत्तर प्रदेश अब उत्सव प्रदेश बन गया है। योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश की सरकार चलाई है उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। यहां पर गुंडे बदमाशों के हौसले पूरी तरह से पस्त हो चुके हैं। किसी गुंडे बदमाश की हिम्मत नहीं है कि अपने सीने की बटन खोलकर उत्तर प्रदेश की सड़कों पर चल सके।

उन्होंने कहा कि यदि हम भारत की अर्थव्यवस्था वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं तो उसमें सबसे अधिक योगदान उत्तर प्रदेश का होने जा रहा है। पूरे उत्तर प्रदेश में मैं जो माहौल देख रहा हूं, उससे मेरा विश्वास पक्का हो गया है कि पंजा आपका साथ छोड़ चुका है, साइकिल की चैन उतर चुकी है और हाथी पस्त हो चुका है। 80 की 80 सीटों पर भाजपा उत्तर प्रदेश में अपनी विजय पताका फहरा रही है।

वन नेशन वन इलेक्शन का लिया है फैसला

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश में हर दो साल पर चुनाव होते रहते हैं, जिससे काफी आर्थिक क्षति होती है, जिसे देखते हुए हमारी पार्टी ने फैसला किया है कि अब यह बार-बार चुनाव होने का फैसला बंद होना चाहिए। वन नेशन वन इलेक्शन होना चाहिए। यह फैसला हम लोगों ने किया है। मैं आज से नहीं लगभग 26 से 27 सालों से दुनिया के दूसरे देशों में जाता हूं। अंतरराष्ट्रीय मंचों से मुझे बोलने का अवसर प्राप्त हुआ है। पहले हम लोग दुनिया के मंचों पर कुछ बोलते थे तो हमारी बातों को जितनी गंभीरता से लेना चाहिए, दुनिया के अन्य देश नहीं लेते थे। सोचते थे भारत तो गरीबों का देश है, भारत कमजोर देश है। भारत का कोई प्रतिनिधि बोल रहा है तो सुने ना सुने कोई फर्क नहीं पड़ता है।

उन्‍होंने कहा कि मैंने देखा है कि भारत का कोई प्रतिनिधि पहले जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोलने के लिए खड़ा होता था तो 100 में से 30 40 बाहर चले जाते थे, चलो चाय पी कर आते हैं। लेकिन आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत बोलता है तो सारी दुनिया कान खोल कर सुनती है।

आठ वर्ष के अंदर 25 करोड़ लोगों को निकाला गरीबी रेखा से बाहर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 25 करोड़ लोगों को आठ वर्ष के अंदर गरीबी रेखा से बाहर करने में हमने कामयाबी हासिल की है। यह हमारा नीति आयोग नहीं कर रहा है अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाएं, फाइनेंशियल फर्म्स यह दावा कर रही हैं। उनका तो यह मानना है कि भारत की अर्थव्यवस्था जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है कि आज के 10 से 15 वर्षों के बाद भारत में गरीबी नाम की कोई चीज शेष नहीं बचेगी।