गांधी परिवार के सदस्यों की रायबरेली-अमेठी में मांग, अब क्या करेगा कांग्रेस हाई कमान?

UP Politics: कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई की चुनाव समिति ने एक प्रस्ताव पारित कर गांधी परिवार के सदस्यों से आग्रह किया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट से वे ही चुनाव लड़ें. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने खुद ही ये जानकारी दी है. अजय राय के मुताबिक, उप्र कांग्रेस की चुनाव समिति ने सर्व-सम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है जिसमें आग्रह किया गया है कि गांधी परिवार का कोई सदस्य ही आगामी लोकसभा चुनाव में रायबरेली और अमेठी से लड़ें.

उन्होने, ऐसा इसलिए है क्योंकि इन संसदीय क्षेत्रों की जनता और पार्टी कार्यकर्ता चाहते हैं कि वे यहां से चुनाव लड़ें. राय ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पार्टी उम्मीदवारों की अगली सूची में गांधी परिवार के सदस्यों के नाम शामिल होंगे. प्रस्ताव को केंद्रीय नेृतत्व को भेज दिया गया है और अंतिम निर्णय सीईसी (केंद्रीय चुनाव समिति) का होगा.

वहीं, इससे पहले गत छह मार्च को, प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने दावा किया था कि पार्टी नेता राहुल गांधी अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. दिल्ली में एक बैठक में शामिल होकर लौटे पार्टी की अमेठी जिला इकाई के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा था कि राहुल गांधी अमेठी से पार्टी के उम्मीदवार होंगे और उनके नाम की घोषणा जल्द ही की जाएगी.