11th Nov Header

आगरा में डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 72 लाख की ठगी, ATS अधिकारी बनकर किया फोन

आगरा: साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट करके वृद्ध व्यक्ति से 72 लाख रुपए का फ्रॉड कर दिया. क्रिमिनल ने खुद को ATS अधिकारी बताकर वृद्ध को डिजिटल अरेस्ट किया और रकम ऐंठ ली. पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.

डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि पीड़ित से साइबर क्रिमिनल ने 27 अगस्त से 18 सितंबर तक विभिन्न खातों में 72.24 लाख रुपए ट्रांसफर कराए हैं. सभी बैंक खातों की डिटेल्स खंगाली जा रही है. आदित्य सिंह ने बताया कि सिकंदरा थाना क्षेत्र निवासी वृद्ध विनोद कुमार से साइबर ठगी हुई है.

वृद्ध विनोद कुमार ने बताया कि 21 अगस्त 2026 को मेरे मोबाइल पर एक अनजान मोबाइल नंबर से एक कॉल आई. जब मैंने कॉल रिसीव की तो कॉल करने वाले ने खुद को आगरा पुलिस लाइंस से बात करने की कही. कहा कि ATS अधिकारी बात करेंगे. इसलिए, कॉल मत काटना.

कॉल करने वाले ने ATS अधिकारी बनकर बात की. आरोप लगाया कि मेरे आधार कार्ड पर ICICI बैंक की कर्नाटक स्थित शाखा में खाता खुला है. आतंकवादी ऑपरेट कर रहे हैं. इस बैंक खाते में 3.50 करोड़ रुपए जमा हुए हैं. इन रकम के एवज में आतंकवादियों ने मुझे 35 लाख रुपए कमीशन दिया है.

आगे कहा कि आतंकवादियों के बैंक खाता ऑपरेट करने से बैंक में की गई FD और RD को सीज किया जाएगा. धमकी दी कि इस जांच में पूरा परिवार आएगा. जिससे में दहशत में आ गया. फिर अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर कराए.

पीड़ित विनोद कुमार का आरोप है कि साबइर क्रिमिनल ने डरा धमकाकर और गिरफ्तारी के साथ ही संपत्ति जब्त करने कहकर मुझसे FD और RD की जानकारी ली.

इसके बाद FD तुड़वाकर बचत खाते में रकम जमा कराई. जिसे धमकाकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिया. आरोपियों ने 27 अगस्त से 18 सितंबर के बीच मित्तल ट्रेडिंग के खाते में 22.80 लाख, ऑटोटेक एंटरप्राइजेज में 3.51 लाख, अर्बन कबाड़ सॉल्यूशंस एलएलपी में 30.40 लाख और कैफे बक्स के खाते में 16.03 लाख रुपए भिजवाए.