कोलकाता केस पर डॉक्टर्स की हड़ताल: 24 घंटे के लिए अस्पतालों में सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू, IMA ने रखीं पांच मांगें

कोलकाता: कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्‍कर्म और हत्‍या की घटना के विरोध में देश के सभी अस्पतालों में शनिवार को भी डॉक्टर्स की हड़ताल है। देश में मेडिकल स्टाफ की सबसे बड़ी संस्था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने शनिवार (17 अगस्त) सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक यानी 24 घंटे के लिए बंद की घोषणा की है।

इस दौरान सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी कामकाज बंद रहेंगे। आईएमए ने 15 अगस्त को हड़ताल की जानकारी दी थी। एसोसिएशन ने कहा कि हड़ताल के दौरान ओपीडी काम नहीं करेंगे। इमरजेंसी के अलावा कोई दूसरी सर्जरी नहीं की जाएंगी। 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ऑन ड्यूटी पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप किया गया और हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद देश भर में डॉक्टरों की हड़ताल और विरोध-प्रदर्शन जारी है।

डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर IMA की 5 मांगें

  • डॉक्टरों और अस्पतालों के खिलाफ हिंसा को रोकने के लिए एक पॉलिसी बनाई जाए। एक केंद्रीय कानून बने, जिसमें 2019 के प्रस्तावित हॉस्पिटल प्रोटेक्शन बिल में एपिडेमिक डिजीज एक्ट 1897 में 2023 में किए गए संशोधन शामिल हो। IMA का मानना ​​है कि इससे 25 राज्यों में मौजूदा कानून को मजबूत मिलेगी। IMA ने यह भी सुझाव दिया है कि COVID-19 महामारी के दौरान लागू किए गए अध्यादेश के समान ही एक अध्यादेश इस स्थिति में ठीक रहेगी।
  • सभी अस्पतालों में एयरपोर्ट की तरह सुरक्षा प्रोटोकॉल हो। जरूरी सुरक्षा सुविधाओं के साथ अस्पतालों को सेफ जोन घोषित किया जाए। सीसीटीवी, सिक्योरिटी गार्ड्स की तैनाती और प्रोटोकॉल का पालन किया जाए।
  • आईएमए ने बताया कि कोलकाता दुष्‍कर्म और हत्‍या की पीड़ित 36 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट पर थीं। आराम करने के लिए कोई जगह नहीं होने के कारण वह सेमिनार हॉल में गई थीं। अस्पतालों में डॉक्टर्स के लिए सुरक्षित जगहों और रेस्ट एरिया की कमी को तुरंत दूर किया जाए।
  • कोलकाता रेप-मर्डर केस की एक तय समय सीमा में प्रोफेशनल जांच हो और पीड़ित को न्याय मिले। आरोपियों की पहचान करके उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।
  • पीड़ित से जिस तरह क्रूरता की गई, उसके हिसाब से उनके परिवार को सही और सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल सीबीआई हिरासत में

दूसरी ओर, कोलकाता रेप-मर्डर मामले में सीबीआई ने पीड़ित परिवार से शुक्रवार (16 अगस्त) को बातचीत की। परिवार ने अस्पताल के कुछ इंटर्न और डॉक्टर्स पर इस केस में शामिल होने का शक जताया है। CBI ने कहा कि पीड़ित परिवार ने कुछ नाम लिखाए हैं। हम अभी 30 लोगों से पूछताछ करेंगे।

सीबीआई ने कहा कि शुक्रवार (16 अगस्त) को दो पीजी ट्रेनी डॉक्टर और एक हाउस स्टाफ को पूछताछ के लिए बुलाया। घटना वाली रात ये लोग पीड़ित डॉक्टर के साथ ड्यूटी पर थे। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे भी पूछताछ होगी। उन्होंने 12 अगस्त को इस्तीफा दिया था। सीबीआई रेप-मर्डर के आरोपी संजय रॉय को घटना का सीन रिक्रिएट करने के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल लेकर पहुंची। संजय को 9 अगस्त को ही गिरफ्तार किया गया था।