आपसी खुन्‍नस में बड़ी बहन ने दो छोटी बहनों को मार डाला, वजह जानकर चौंक जाएंगे

बिजनौर: जनपद में गुरुवार देर रात पांच और सात साल की दो बहनों की हत्या की खबर सामने आई। आरोपी 13 साल की सौतेली बड़ी बहन ही निकली। उसने साथ सो रही दोनों बहनों का दुपट्‌टे से गला घोंटा। बड़ी बहन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि हमारा बड़ा परिवार है और पिता परेशान रहते थे। घर का सारा काम मुझे ही करना पड़ता था। इस कारण मैंने दोनों छोटी बहनों को मार दिया। लड़की की मां ने दो शादी की हैं। आरोपी लड़की पहले पति से और मरने वाली दोनों मासूम दूसरे पति से थीं। घटना रात करीब 12 बजे की नूरपुर थाना क्षेत्र के गोहावर गांव की है।

मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स

इस घटना की सूचना पर एसपी नीरज कुमार जादौन, एसपी सिटी संजीव वाजपेई, सीओ चांदपुर, नूरपुर कोतवाल, फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। दोनों बहनों का शव कमरे में बेड पर पड़ा था। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस को घर के लोगों से पूछताछ में बड़ी बहन पर शक हुआ। जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वह अपना बयान बदलती रही और फिर बाद में उसने अपना जुर्म कबूल किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लड़कियों की मां सविता ने दो शादी की है। करीब 12 साल पहले उसने पहले पति पुखराज को छोड़ दिया था। दोनों पति से सविता का एक बेटा और पांच बेटियां थीं। पहले पति पुखराज से नौ और 13 साल की बेटी। दूसरे पति सहदेव से डेढ़ साल का बेटा और 11 साल, सात साल और पांच साल की बेटी  है। पहले पति को छोड़ने की वजह सामने नहीं आई है। सविता अपने दूसरे पति और छह बच्चों के साथ गोहावर गांव में रहती थी। सहदेव आस्करीपुर में ईंट के भट्टे पर मजदूरी करता है। घटना की रात सभी लोग एक ही कमरे में सोए थे।