चुनाव 2024: पहले चरण में तीन बजे तक त्रिपुरा में सबसे ज्‍यादा मतदान, मणिपुर में पांच केंद्रों पर रोकी गई वोटिंग

नई दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर शुक्रवार (19 अप्रैल) को मतदान जारी है। कुल संसदीय क्षेत्रों के 19 फीसदी सीटों पर वोटिंग हो रही है। चार जून को नतीजे घोषित होंगे। अरुणाचल प्रदेश व सिक्किम में विधानसभा की 92 सीटों के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं।

मणिपुर में लोगों द्वारा अनियमितताओं का आरोप लगाने पर हुए हंगामे के बाद कुल 5 बूथों पर मतदान रोक दिया गया है, जिनमें से 2 पूर्वी इंफाल में और 3 पश्चिमी इंफाल में हैं। मतदान अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

टिपरा मोथा के चीफ प्रद्योत देबबर्मा को नोटिस

त्रिपुरा में टिपरा मोथा पार्टी के मुखिया प्रद्योत देबबर्मा को त्रिपुरा के सीईओ ने नोटिस भेजा है। प्रद्योत देबबर्मा पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है। गुरुवार को चुनाव प्रचार की समय सीमा खत्म होने के बाद प्रद्योत देबबर्मा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर एक समुदाय विशेष से पार्टी विशेष को वोट करने की अपील की। त्रिपुरा सीईओ ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगस्त 2019 के बाद यह पहली बार है जब यहां लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। तब भाजपा ने कश्मीर की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, अब गृह मंत्री कह रहे हैं कि पहले लोगों का दिल जीतेंगे फिर चुनाव लड़ेंगे… इसका मतलब है कि वे दिल नहीं जीत पाए।’

तीन बजे तक कहां-कितना मतदान?

राज्य  तीन बजे तक मतदान

अंडमान निकोबार- 45.48%

अरुणाचल प्रदेश- 53.49%

असम- 60.70%

बिहार- 39.73%

छत्तीसगढ़- 58.14%

जम्मू कश्मीर- 57.09%

लक्षद्वीप- 43.98%

मध्य प्रदेश- 53.40%

महाराष्ट्र- 44.12%

मणिपुर- 62.58%

मेघालय- 61.95%

मिजोरम- 48.93%

नगालैंड- 51.03%

पुडुचेरी- 58.86%

राजस्थान- 41.51%

सिक्किम- 52.72%

तमिलनाडु- 50.80%

त्रिपुरा- 68.35%

उत्तर प्रदेश- 47.44%

उत्तराखंड- 45.53%

पश्चिम बंगाल- 66.34%