फतेहपुर: जिले में जोर शोर से निकली शौर्य यात्रा में जहां लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला तो वहीं, पुलिस और जिले की प्रशासनिक मशीनरी को भी खूब सराहा गया। दरअसल, यात्रा के सफल आयोजन के लिए फतेहपुर पुलिस और नगर पालिका परिषद के अधिकारी एक पैर के बल खड़े रहे। बेहद संवेदनशील कार्यक्रम के समापन के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
शहर मुख्यालय स्थित एफसीआई गोदाम से एएस इंटर कॉलेज तक निकली शौर्य यात्रा अपने आप में बेहद खास और संवेदनशील रही, क्योंकि यह यात्रा विश्व हिन्दू परिषद और बजरंगदल के नेतृत्व में निकाली गई थी। झांसी से काशी की यात्रा में फतेहपुर होते हुए यात्रा को निकलना था। ऐसे में शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन को सफल बनाना अपने आप में बड़ी बात थी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए थे, जिसमें कानून व्यवस्था के साथ ही यातायात प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण था।

पुलिस के साथ पीएसी भी थी तैनात
राधानगर पुलिस इंस्पेक्टर राजकिशोर और उनकी टीम ने कानून व्यवस्था बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रखी। यात्रा में कोतवाली पुलिस का भी बड़ा महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही टीएसआई भी अपने वाहन के साथ यात्रा मार्ग पर गश्त करते दिखे, जबकि पुलिस अधिकारी और जवान यात्रा के आगे आगे पैदल मार्च करते चल रहे थे। विशेष समुदाय के क्षेत्र पीरनपुर, ज्वालागंज क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, अनुशासन में चल रही यात्रा में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं थी, लेकिन पुलिस कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहती थी। ऐसे में यहां पुलिस के साथ ही पीएसी भी तैनात की गई थी।
यातायात पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका
विहिप, बजरंग दल की शौर्य यात्रा को आसानी से मार्ग मिले, इसके लिए यातायात पुलिस ने कड़ी मेहनत की। ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर अपने वाहन और टीम के साथ यात्रा से करीब 500 मीटर आगे चल रहे थे। साथ ही सड़क के किनारे खड़े ऑटो-टेम्पो को हटवाने के साथ ही रूट डायवर्जन भी किया। हरिहरगंज रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर लगने वाला जाम नहीं था और वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई थी। इसी तरह ज्वालागंज से पीरनपुर की ओर आने वाले मार्ग को भी प्रतिबंधित किया गया था। यहां के वाहन को वीआईपी मार्ग की ओर से भेजा गया था।

नगर पालिका की रही विशेष व्यवस्था
फतेहपुर नगर पालिका परिषद ने यात्रा को लेकर पुख्ता इंतजाम किये थे। गाजीपुर बस स्टैंड के पास देर से उठने वाला कूड़ा भोर में ही उठा लिया गया था। साथ ही इसके आस-पास चूना और कलई का छिड़काव भी किया गया था। यात्रा मार्ग में पड़ने वाले सभी मर्गों पर नगर पालिका ने चूना छिड़काव करवाया था। साथ ही साथ मार्ग और सभा स्थल एएस इंटर कॉलेज में भी पेय जल की व्यवस्था की गई थी। सफाई निरीक्षक राकेश कुमार गौड़ और मोहम्मद हबीब घूम-घूम कर निरीक्षण करते रहे।