1st Nov Ad

बजट भाषण पढ़ रहीं वित्त मंत्री सीतारमण, गिनाईं सरकार की नौ प्राथमिकताएं

नई दिल्‍ली: संसद में आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्तीय वर्ष 2024-25 का आम बजट पेश कर रही हैं। इस बजट में किसानों, युवाओं को बड़े ऐलान की उम्मीद है। बजट को लेकर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि आम बजट अमृतकाल का महत्वपूर्ण बजट होगा। यह पांच साल के लिए हमारी दिशा तय करने के साथ ही 2047 तक विकसित भारत की आधारशिला रखेगा। वित्‍त मंत्री ने कहा कि बजट में किसानों और कृषि क्षेत्र के 1.52 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस फंड से कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी।

सरकार की बजट में हैं ये नौ प्राथमिकताएं

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बजट में सरकारी की नौ प्राथमिकताएं हैं, जिनमें शामिल हैं-

  1. खेती में उत्पादकता
  2. रोजगार और क्षमता विकास
  3. समग्र मानव संसाधन विकास और सामाजिक न्याय
  4. विनिर्माण और सेवाएं
  5. शहरी विकास
  6. ऊर्जा सुरक्षा
  7. अधोसरंचना
  8. नवाचार, शोध और विकास
  9. अगली पीढ़ी के सुधार

पीएम गरीब कल्याण योजना के बारे में बताया

वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि हमने पीएम गरीब कल्याण योजना को 5 साल के लिए बढ़ाया। इससे 80 करोड़ से अधिक गरीबों को लाभ हो रहा। रोजगार, कौशल प्रशिक्षण के लिए पीएम की पांच योजनाओं के पैकेज की घोषणा। इससे पांच साल में 4 करोड़ 10 लाख युवाओं को लाभ होगा। इन योजनाओं पर दो लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अंतरिम बजट में हमने विकसित भारत को रोडमैप को देने का वादा किया था।

बजट को कैबिनेट से मिली मंजूरी

इससे पहले बजट को पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिल गई। बजट पेश किए जाने से पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद पहुंचे। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण पढ़ना शुरू कर दिया है। उन्‍होंने कहा कि भारत का आर्थिक विकास दुनिया के लिए उत्कृष्ट उदाहरण है। भारत इसी तरह प्रगति की राह पर आगे बढ़ता रहेगा। मंहगाई को 4 प्रतिशत पर लाने की कोशिश हो रही है।