हैदराबाद: फिल्ममेकर नितेश तिवारी की पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ इस साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में से एक है. इस फिल्म में भारतीय सिनेमा के कई बड़े कलाकार शामिल हैं. बीते कुछ दिन पहले मेकर्स ने राजा दशरथ, रानी कैकयी, मंथरा के किरदार से रूबरू कराया था. अब मेकर्स फैंस को जटायु के किरदार से रूबरू कराया है.
मंगलवार, 13 अक्टूबर को मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर रामायण के अहम किरदार जटायु का पोस्टर जारी किया. यह पोस्टर 20 अक्टूबर को ‘रामायण पार्ट 1’ की एडवांस बुकिंग शुरू होने से ठीक आठ दिन पहले जारी किया गया है. मेकर्स ने बताया है कि अनुपम खेर ने इस आने वाली एपिक फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है.
पोस्टर में जटायु का क्लोज-अप दिखाया गया है, जिसमें उनकी तीखी नजर देखने को मिली है. जबकि दूसरी तस्वीर में इस शानदार पक्षी को अपने पंख फैलाए हुए दिखाया गया है. सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, ‘जब बुराई ने उड़ान भरी, तो साहस उसका सामना करने के लिए आगे आया. उन्होंने जीत के लिए नहीं, बल्कि सही के लिए लड़ाई लड़ी. जटायु, धर्म के पंख, रामायण में जटायु के रूप में अनुपम खेर.’
बता दें, जटायु को रावण से सीता को बचाने की अपनी साहसी कोशिश के लिए याद किया जाता है. जटायु ने माता सीता की रक्षा करने की कोशिश की थी और रावण का बहादुरी से सामना किया था.
अनुपम खेर के शामिल होने से इस आने वाली बड़ी फिल्म की स्टार कास्ट में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है, जिसमें कई जाने-माने कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं.नितेश तिवारी की निर्देशित फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रॉकिंग स्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे.
मेकर्स ने हाल ही में कंफर्म किया था कि ‘रामायण पार्ट 1’ 5 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. मेकर्स ने नवरात्रि के दौरान रिलीज की तारीख का एलान किया और इसको बुराई पर अच्छाई की जीत के त्योहार से जोड़ा. इस अनाउंसमेंट में यह भी बताया गया कि फिल्म की एडवांस बुकिंग दशहरा यानी 20 अक्टूबर को शुरू होगी.
