लखनऊ: लखनऊ लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी व केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार (29 अप्रैल) को नामांकन दाखिल कर दिया। यह लगातार तीसरी बार है, जब उन्हें लखनऊ सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। अगर वह जीतते हैं तो इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने में कामयाब रहेंगे।
नामांकन के लिए आयोजित रोड शो के पहले राजनाथ सिंह ने शहर के हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भगवान शिव पर जलाभिषेक किया और फिर हनुमान जी से आशीर्वाद प्राप्त कर रोड शो शुरू किया। रोड शो में उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया और वो जीत के लिए आश्वस्त दिखाई दिए।
रोड शो में सीएम योगी और पुष्कर सिंह धामी भी रहे मौजूद
लखनऊ लोकसभा सीट भाजपा के लिए सुरक्षित सीट मानी जाती है। राजनाथ सिंह के रोड शो में समर्थकों की भारी भीड़ नजर आई। भाजपा के नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रोड शो में शामिल हुए। खुद रक्षामंत्री भी समर्थकों की मौजूदगी से बेहद उत्साहित नजर आए और अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। इस रोड शो में राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक शामिल रहे।
