कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में पांच न्याय और 25 गारंटी, MSP कानून-जाति जनगणना का वादा

नई दिल्‍ली: कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शुक्रवार (5 अप्रैल) को 48 पेज का अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष पी चिदंबरम ने पांच न्याय और 25 गारंटी की घोषणा की।

कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में मजदूरी 400 रुपये दिन करने, गरीब परिवार की महिला को साल में एक लाख रुपये देने, एमएसपी को कानून बनाने और जाति जनगणना कराने का जिक्र है। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में युवा, मजदूर, महिला और किसान पर फोकस किया है। इन सभी वर्गों के लिए अलग-अलग तरह की स्कीम्स का वादा किया गया है।

डरे हुए आदमी कभी देश नहीं चला सकते: खड़गे

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका घोषणा पत्र वर्क, वेल्थ और वेलफेयर पर आधारित है। यहां वर्क के मायने रोजगार, वेल्थ के मायने आमदनी और वेलफेयर के मायने सरकारी स्कीम्स के फायदे दिलाना है। पार्टी अध्‍यक्ष खड़गे ने कहा कि हम डरने वाले नहीं है, क्योंकि हम वसूलों वाले लोग हैं। हमारे नेता राहुल और सोनिया के पास डर नाम की चीज नहीं है। नरेंद्र मोदी ने देश-विदेश के कई दौरे किए, लेकिन वो मणिपुर नहीं गए। मुझे पता है कि मोदी मणिपुर जाने से डरते हैं। डरे हुए आदमी कभी देश नहीं चला सकते।

कांग्रेस की चार अन्य बड़ी घोषणाएं

वन नेशन वन इलेक्शन का विरोध। लोकसभा और विधानसभा चुनाव तय समय पर ही करवाएंगे।

मतदान ईवीएम के जरिए होंगे, लेकिन वीवीपैट की पर्ची से मिलान किया जाएगा।

10वीं अनुसूची में संशोधन का वादा। इसके तहत दल-बदल करने पर विधानसभा या संसद की सदस्यता खुद समाप्त हो जाएगी।

पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां सख्ती से कानून के अनुसार काम करेंगी। हर मामले को संसद या राज्य विधानमंडलों की निगरानी में लाया जाएगा।

 

कांग्रेस का पूरा चुनावी घोषणा पत्र पढ़ने के लिए इस लिंक पर करें क्लिक