यूपी के 20 जिलों में बाढ़ से हाहाकार, सीएम योगी ने कहा- पीड़ितों को 24 घंटे में मिले मुआवजा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में घाघरा, गोमती और गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गर्रा, रामगंगा, खनौत, बूढ़ी राप्त, राप्ती, कानो और शारदा नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। लखीमपुर खीरी से लेकर बलरामपुर, उन्‍नाव, अयोध्या और बलिया, बस्ती सहित 20 जिलों के लगभग 900 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। बलिया में घाघरा नदी के कटाव के कारण 13 गांव पानी में डूबे हुए हैं। वाराणसी में 48 घंटे में गंगा नदी का जल स्तर दो मीटर तक बढ़ा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाकों की समीक्षा करते हुए कहा कि बाढ़ आपदा सहायता और संवेदना का समय है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ चौबीस घंटे में मुआवजा देने के निर्देश दिए। बाढ़ पीड़ितों के साथ सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को शिष्टता से पेश आने की नसीहत दी।

ड्रोन सर्वे की भी व्‍यवस्‍था

बाढ़ प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों ने सीएम योगी को बताया कि बाढ़ से अब तक 20 जनपदों की 69 तहसीलों के 1571 गांव के अलावा बरेली, पीलीभीत व शाहजहांपुर के शहरी क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। इसका असर 14.80 लाख नागरिकों पर पड़ा है। इनमें से 5.29 लाख व्यक्ति ऐसे हैं, जिनकी सम्पत्तियों (खेती, मकान, गृहस्थी और पशु) को नुकसान पहुंचा है। जल भराव के कारण प्राथमिक रूप से 3.19 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल प्रभावित हुआ है। सेटेलाइट से प्राप्त जलभराव डाटा के आधार पर स्थलीय टीमें बनाकर खेती के नुकसान की पुष्टि कराई जा रही है। साथ में ड्रोन सर्वे की व्यवस्था भी की जा रही है।