यूपी में पहली बार गांव में लगेंगे रोजगार मेले, 8 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी, जानिए कितनी सैलरी; कैसे करें रजिस्ट्रेशन

मेरठ: यूपी वेस्ट के मेरठ मंडल में ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका आया है. 6 जिलों में डेढ़ महीने तक बड़े पैमाने पर रोजगार मेलों का आयोजन होने जा रहा है. सेवायोजन विभाग की ओर से मंडल के सभी ब्लॉक पर रोजगार मेले लगाए जाएंगे. यह मेला निजी कंपनियों के तहत आयोजित किया जा रहा है. जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियों के लिए मौका मिलेगा. योग्यता के अनुसार 15 से 35 हजार रुपये तक की सैलरी भी मिलेगी. आईए जानते हैं कैसे मिलेगा अवसर, क्या करना होगा काम.

मेरठ मंडल के गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जिले में अब लगभग 8 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी. इसको लेकर प्लानिंग भी की जा चुकी है. वहीं मंडल के हर जिले के हर ब्लॉक पर एक-एक रोजगार मेले लगेंगे. मेरठ में भी सभी 12 ब्लॉक पर मेले लगेंगे.

मेरठ मंडल में 40 से अधिक ब्लॉक हैं, ऐसे में प्रत्येक ब्लॉक पर जो मेले आयोजित होंगे उनमें 5 से 10 कंपनियां युवाओं से इंटरव्यू के लिए अपने प्रतिनिधि भेजेंगी. मौके पर ही चयनित युवाओं को जॉब ऑफर लेटर भी दिए जाएंगे.

 

ये रहेगी जॉब के लिए क्राइटेरिया: कोशिश की जा रही है कि अलग-अलग सेक्टर में युवाओं को नौकरी के अवसर मिल सकें. इसके लिए न्यूनतम योग्यता हाईस्कूल है, लेकिन कई बार पैकेजिंग के लिए भी नौकरियों की उपलब्धता रहती है, तो ऐसे में इस नौकरी के लिए न्यूनतम योग्यता 8वीं पास है.

इसी प्रकार हाईस्कूल से लेकर ग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट समेत ITI, पॉलिटेक्निक, बीमा बैंकिंग सेक्टर, एमबीए, बीबीए के छात्रों के लिए भी जॉब फेयर में कई कंपनी चयन करेगीं. वहीं हाइली एजुकेटेड युवाओं के लिए कंस्ट्रक्शन, मेकेनिकल, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, सिक्योरिटी गार्ड, सेल्स से जुड़ी नौकरियां भी मिलेंगी. रोजगार मेले में युवाओं को 15000 से 35000 प्रतिमाह की सेलरी पैकेज मिलेगा.

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर महीने के लिए मेरठ मंडल के सभी जिलों में ब्लॉक स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा. इसका उद्देश्य यही है कि ग्रामीण युवाओं को रोजगार मेले में सीधी सहभागिता दी जा सके.
इस बारे में मेरठ मंडल के सभी जिलों में संबंधित विभाग के अधिकारियों को अलग-अलग तारीख में ब्लॉक स्तर पर रोजगार मेलों के आयोजन के विषय में निर्देश भी दे दिए हैं

मेरठ में इस तारीख को लगेंगे जॉब फेयर: मेरठ के रजपुरा ब्लॉक परिसर में 24 सितंबर को, खरखौदा ब्लॉक में 29 सितंबर, माछरा ब्लॉक के परिसर में 7 अक्टूबर को, सरुरपुर ब्लॉक में 10 अक्टूबर को, सरधना के ब्लॉक परिसर में 14 अक्टूबर को, दौराला ब्लॉक में 18 अक्टूबर को, रोहटा ब्लॉक परिसर में 25 अक्टूबर को, जानी ब्लॉक में 21 अक्टूबर को, मवाना ब्लॉक में 4 नवंबर को, परीक्षित गढ़ ब्लॉक परिसर में 7 नवंबर को, हस्तिनापुर ब्लॉक में 14 नवंबर को और 17 नवंबर को मेरठ ब्लॉक में रोजगार मेले आयोजित होंगे.

ऐसे और यहां करें अप्लाई: जॉब फेयर में नौकरी पाने के इच्छुक युवाओं को सेवा योजन विभाग की रोजगार संगम पोर्टल (rojgarsangam.up.gov.In) पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा. अगर किसी युवा ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो वह जॉब फेयर के दौरान भी पंजीकरण काउंटर पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. ये पूरी तरह से निःशुल्क होती है.

अधिकारियों की मानें तो मेरठ मंडल में बीते साल में 30 हजार युवाओं को सेवायोजन विभाग के प्रयासों से नौकरी मिली है. जिनमें से 7 हजार से अधिक युवा अकेले मेरठ जिले में ही नौकरी पाए हैं.