1st Nov Ad

लखनऊ में साधु के वेष में आए चार युवकों की पिटाई, ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले

लखनऊ: राजधानी में साधुओं के वेष में चोरी करते समय चार युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उन्‍होंने चारों की जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को जानकारी दी गई। गांव के लोगों ने साधुओं को पीटने का वीडियो भी बनाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों साधुओं को हिरासत में लिया है। मामला गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के गंगाखेड़ा गांव का है।

जानकारी के अनुसार, गोसाईगंज के गंगाखेड़ा गांव में शनिवार सुबह चार साधू भेषधारी युवकों को एक दुकान से सरसों की बोरियां चोरी करते समय रंग हाथ पकड़ा गया। स्थानीय लोगों ने पूछताछ की चारों सही जवाब नहीं दे पाए। इससे गुस्साए गांव वालों ने चारों साधुओं की पिटाई शुरू कर दी।

सरसों की बोरी चोरी करते समय पकड़े गए

ग्रामीणों की मानें तो चारों युवक सिर्फ साधुओं का चोला पहनकर इलाके में घूमते हैं। भोले-भाले लोगों और महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर सम्मोहित कर लेते हैं और उनसे पैसे ऐंठते हैं। इस तरह की कुछ चर्चाएं पहले से हो रही थीं। इसी बीच शनिवार को इन्हें एक दुकान से सरसों की बोरियां चोरी करते समय रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

वहीं, साधुओं का कहना है कि वे कोई चोरी नहीं कर रहे थे, दुकानदार ने उन पर झूठा आरोप लगाया और लोग उसकी बातों में आ गए। स्थानीय लोगों ने हमारी एक भी नहीं सुनी और पीटना शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस पहुंचने के बाद मारने वाले ज्यादातर लोग मौके से गायब हो गए थे।

मेरठ के रहने वाले हैं चारों आरोपी

शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वीडियो में दिख रहे चारों मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के समसपुर गांव के रहने वाले हैं। ये सभी साधू का वेश बनाकर अपराध करते हैं। इनकी पहचान आकाश, अक्षय, राकेश और अमित के तौर पर हुई है।

इंस्पेक्टर गोसाईगंज बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस टीम ने चारों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है और यह पता करने की कोशिश हो रही है कि इससे पहले इन्होंने कितने अपराध किए हैं।