कुशीनगर: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा अपने एक दिवसीय दौरे पर कुशीनगर पहुंचे। दौरे की शुरुआत कार्यकर्तागण के साथ बैठक कर की। गोल्डेन रिसार्ट, में उन्होने पंचायत निकाय प्रतिनिधि सम्मेलन, ग्रामसभा पिपरा, विधानसभा पड़रौना में किसान संगोष्ठी और गोल्डेन रिसार्ट, गोरखपुर रोड कसयां में प्रबन्धक / शिक्षक सम्मेलन (प्रबुद्ध सम्मलेन) में प्रतिभाग किया।
मंत्री एके शर्मा ने कुशीनगर के गोल्डेन रिसार्ट में भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार दुबे के पक्ष में आयोजित निकाय एवं पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा 65 कुशीनगर के भाजपा प्रत्याशी को एक बार पहले भी आपने चुनकर दिल्ली भेजा था। वही पुन: आपको यह मौका मिला है कि भाजपा के तीसरी बार के प्रत्याशी विजय कुमार दुबे जी को भारी मतों से जीताकर मोदी जी की माला में एक कमल कुशीनगर का भी लगाना है। मोदी जी भारत को विकसित देश बनाना चाहते हैं। भारत विकसित तब बनेगा जब देश का एक-एक गाँव, एक-एक निकाय विकसित होगी। यही सोच भारत को 2047 तक विश्व के विकसित राष्ट्र की श्रेणी में स्थापित करना है। जिसमें आपका भी योगदान बहुत ही महत्वपूर्ण होगा।
पीएम मोदी की तारीफ
यूपी के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विकसित राष्ट्र के सपने को पूरा करने के लिए देशवासियों को उनकी मूलभूत सुविधाओं से आच्छादित करना प्राथमिकता में है। इसके लिए मोदी जी ने हर वंचित-शोषित नागरिक को अन्न, आवास, शौचालय, आयुष्मान समेत कई अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया है। उन्होने कहा कि आज इस सभा में स्थानीय विकास के प्रतिनिधि बैठे हैं। विकसित राष्ट्र की संकल्पना में गरीबों को योजनाओं के लाभ के साथ ही जब हर एक गाँव और निकाय की हर एक सड़क और नाली सही होनी चाहिए। उन्होने कहा की विपक्षी दल को 60 साल से ज्यादा का समय मिला, मगर उन्हें न देश की चिंता रही, न ही देशवासियों की।
उन्होंने सिर्फ अपने घर और अपने परिवार की चिंता करते हुए अपने आप को विकसित किया है। अभी भी बहुत सारे लोग कच्चे मकानों में रहते हैं। पिछले 10 साल में मोदी जी ने 04 करोड़ देशवासियों को आवास दिये और वहीं आने वाले 05 साल में 03 करोड़ आवास और देने की घोषणा की है। वहीं उत्तर प्रदेश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 56 लाख आवास दिये गए हैं। नगरों में 15 लाख मकान दिये गए हैं। जैसा कि आप जानते हैं कि देश में हर साल लाखों टन अनाज गोदामों में सड़ जाता था, लेकिन विपक्षी दल की सरकारों ने कभी एक किलो राशन भी किसी गरीब को नहीं दिया। 2014 में जब नरेंद्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने तब से ही उन्होने शोषित-वंचितों के हितों के लिए काम करना शुरू कर दिया था। उन्होने देश से भुखमरी शब्द को खत्म करते हुए देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देकर अन्न सुरक्षा दी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कुशीनगर पी.एन. पाठक, विधायक हाटा मोहन वर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह, लोकसभा प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला संयोजक मनन्जय तिवारी, चेयरमैन कुशीनगर किरन जायसवाल, चेयरमैन फाजिलनगर शत्रुमर्दन शाही समेत निकाय व पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनता मौजूद रही।