गोरखपुर: सीएम योगी बोले- विपक्ष ने मानी हार, देश में गूंज रहा “फिर एक बार मोदी सरकार” का स्‍वर   

गोरखपुर: उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के स्‍टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (10 मई) को गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और भाजपा प्रत्याशी रविकिशन शुक्ल के नामांकन के बाद उनके पक्ष में महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण को लेकर सपा और कांग्रेस के कुछ नेताओं की तरफ से दिए गए बयान पर इन दोनों दलों पर जमकर निशाना साधा है।

मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा कि तीसरे चरण के मतदान तक हताश हो चुके विपक्ष के नेता अब भगवान राम पर टिप्पणी करने लगे हैं। कोई कहता है कि राम मंदिर बेकार है तो कोई कहता है कि राम मंदिर से जनता को क्या लाभ है। उन्‍होंने कहा कि आतंकवादियों की पैरवी करने वालों को तो राम मंदिर बुरा ही लगेगा। सरकार में रहते हुए आज के विपक्ष ने राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला करने वालों के खिलाफ, आज देश में हो रही कार्रवाई और यूपी में माफिया के खिलाफ हो रहे एक्शन जैसे कड़े कदम उठाए होते तो संकटमोचन मंदिर और कचहरी पर आतंकी हमले नहीं होते। उन्होंने कहा कि तब आतंकवाद पर घुटना टेकने की नीति का दुष्परिणाम रहा कि इन हमलों में हजारों लोगों को जान गंवानी पड़ी।

भाजपा की जीत का किया दावा

सीएम योगी ने कहा कि तीसरे चरण में लोकसभा का चुनाव अब उस मोड़ पर पहुंच गया है, जहां विपक्ष ने हार मान ली है। कांग्रेस, सपा और बसपा सबने हार स्वीकार कर ली है। तीन चरणों में 285 सीटों पर यानी पूरे देश के अंदर आधा चुनाव संपन्न हो चुका है। योगी ने कहा कि चुनाव प्रचार में देश के अंदर उन्हें नौ राज्यों में जाने का अवसर प्राप्त हुआ है। पूरे देश के अंदर एक ही स्वर “फिर एक बार मोदी सरकार” गूंज रहा है। देश की जनता के लिए सारी समस्याओं का समाधान रामराज है और इसी रामराज के लिए जनता बार-बार मोदी सरकार को चुन रही है। जनता यही कह रही है, जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। हम उनको लाएंगे, जिन्होंने रामराज की परिकल्पना को साकार किया है।

गोरखपुर में सीएम योगी

उन्‍होंने जनसभा में कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी के लिए घर-घर जाना संभव नहीं होगा। एक संसदीय क्षेत्र में हजारों गांव व कई निकाय होते हैं। प्रत्याशी शक्तिकेंद्रों पर जाकर ही जनता से मिल पाएगा। ऐसे में आप सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मोदी जी की तरफ से, मेरी तरफ से गोरखपुर में खुद रविकिशन बनना पड़ेगा। रविकिशन बनकर घर-घर जाना पड़ेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया तो सभी ने एक स्वर में हुंकार भरी।

हम खड़ाऊं रखि के सेवा करत हईं: सांसद रविकिशन

सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रवि किशन ने भोजपुरी में अपनी बात रखते हुए कहा कि ई मंदिर क सीट बा। हम खड़ाऊं रखि के सेवा करत हईं। 2019 में इहो कहलीं अउर अजुओ इहे कहत हईं। सेवक रहलीं औ सेवक ही रहब। हमरे साथे महराज जी (सीएम योगी) क आशीरबाद बा अउर हम्मे का चाहीं। उन्होंने कहा कि जनता के एक-एक वोट से देश-प्रदेश में मोदी-योगी की जोड़ी ने रामराज की स्थापना कर दी है।

इस जनसभा में प्रमुख रूप से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठि सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, लोकसभा प्रमारी जनार्दन, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे समेत भाजपा और सहयोगी दलों के सभी प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।