गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब नेतृत्व अच्छा होता है तो सबका सम्मान बढ़ता है। दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यही हुआ है। भारत दुनिया के अंदर एक नई ताकत बनकर उभरा है। देश का सम्मान बढ़ने से सभी नागरिकों को गौरव की अनुभूति हो रही है। देश में हाइवे, रेलवे, एयर कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। एम्स बन रहे हैं, उद्योग लग रहे हैं। बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन हो रहा है। बिना भेदभाव गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को मिल रहा है।
सीएम योगी रविवार को गोरखपुर के राप्तीनगर और नंदानगर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया। दोनों स्थानों पर उमड़े जनसमूह के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का आधार जाति, मत, मजहब या क्षेत्र नहीं है बल्कि गांव, गरीब, किसान, महिलाएं और नौजवान है। आज जितनी योजनाएं चल रही हैं, उसकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। देश में 4 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 55 लाख लोगों को मुफ्त मकान की सुविधा मिली है। राज्य में 15 करोड़ लोगों को साढ़े तीन साल से मुफ्त राशन मिल रहा है और यह अगले पांच साल तक मिलता रहेगा। बड़ी संख्या में लोगों को आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।